पूर्व सैनिक कल्याण समिति की बैठक में पूर्व सैनिकों ने देश में छिपे गद्दारों को बेनकाब करने और पाकिस्तान को सबक सिखाने की मांग की। उन्होंने समस्याओं के निराकरण के लिए रणनीति तय की। साथ ही फागपुर गांव के लिए समिति का सचिव कै. परमानंद कापड़ी और कोषाध्यक्ष सू. हरि सिंह ठकुराठी को बनाया।
समिति अध्यक्ष कै. भानी चंद की अध्यक्षता और कै. हरीश कापड़ी के संचालन में हुई बैठक में पूर्व सैनिकों ने मुख्यमंत्री हरीश रावत के गौरव सेनानियों के सम्मेलन में शिरकत करने पर उनका और विधायक हेमेश खर्कवाल का आभार जताया। अध्यक्ष कै. चंद ने पठानकोट में हुए आतंकी हमले के दोषियों और देश में छिपे आईएसआई एजेंटों को खोजकर कार्रवाई करने की मांग की।
कै. नंदन सिंह ने बिजली बिल जमा कराने और कुकिंग गैस डिलीवरी के समय सेना द्वारा गेट खुला रखने की मांग की। बैठक में समिति सचिव कै. मोहन चंद, कै. टीकाराम भट्ट, पूरन सिंह ज्याला, कै. रामचंद्र भट्ट, सू.मे.लक्ष्मण चंद, चंद्रशेखर चंद देऊपा, प्रेम चंद, मोहन सिंह मेहरा समेत 74 गौरव सेनानियों ने शिरकत की।