बनबसा (चंपावत)। बनबसा के आंबेडकर ग्राम फागपुर में पिछले एक पखवाड़े से हिमालयन गिद्ध दिखाई दे रहे हैं। सुबह करीब चार से छह बजे के बीच गिद्ध सूखे पेड़ों में बैठे रहते हैं। गिद्धों की तेज आवाज से ग्रामीणों की सुबह जल्दी आंख खुल रही है।
एक पखवाड़े से फागपुर स्कूल के पास सूखे पेड़ों में करीब सात जोड़े हिमालयन गिद्ध पहुंच जाते हैं। लंबे समय बाद गिद्ध देख ग्रामीण अचंभित हैं। कई ग्रामीण गिद्धों के चीखने को खराब बता रहे हैं। उनका कहना है कि कहीं कोई मृत जानवर देख गिद्ध यहां पहुंचे होंगे। फागपुर के सेवानिवृत्त बीडीओ कैलाश राम विश्वकर्मा ने बताया कि वर्षों बाद गिद्धों का दिखाई देना अच्छा संकेत है। उनका कहना है कि गिद्धों से पर्यावरण संतुलन बना रहने के अलावा मृत जानवरों से होने वाली गंदगी भी दूर होती है।