चंपावत में सोमवार को दो दिनों के अवकाश के बाद खुले एसबीआई की मुख्य शाखा में उमड़ी भीड़।
- फोटो : CHAMPAWAT
चंपावत। राष्ट्रीयकृत बैंकों की देशव्यापी हड़ताल के बावजूद चंपावत जिले में सोमवार को 17 बैंकों की 62 शाखाओं में सामान्य दिनों की तरह लेन-देन जारी रहा। जिले की सभी बैंक शाखाओं में प्रतिदिन 10 से 15 करोड़ रुपये का लेन-देन किया जाता है। जिला अग्रणी बैंक अधिकारी प्रवीण गर्ब्याल ने बताया कि विभिन्न ट्रेड यूनियन की ओर से दो दिनी हड़ताल का आह्वान किया गया है। इसमें चंपावत जिले के कोई भी बैंक शामिल नहीं हैं। दूसरी ओर डाक विभाग के ग्रामीण डाक सेवक संघ ने भी 12 सूत्री मांगों के लिए दो दिनी कार्य बहिष्कार का एलान किया है। डाक उप मंडल प्रभारी ज्ञानेंद्र भारती ने बताया कि जिले में 171 में 136 ग्रामीण डाक सेवक सामान्य दिनों की तरह उपस्थित रहे जबकि 35 ग्रामीण डाक सेवक हड़ताल पर रहे। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में डाक बांटने का काम प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा।
बैंक खुले रहने से लोगों को मिली राहत
चंपावत। जिला मुख्यालय में सोमवार को बैंकों की विभिन्न शाखाओं के खुले रहने से लोगों को राहत मिली। दो दिनों के अवकाश के बाद खुले बैंकों में काफी चहल-पहल रही। पहले यह कहा गया था कि ट्रेड यूनियन की राष्ट्रव्यापी हड़ताल के कारण सोमवार और मंगलवार को भी बैंक बंद रहेंगे। जिला लीड बैंक अधिकारी प्रवीण गर्ब्याल ने बताया कि कई ट्रेड यूनियनों केे हड़ताल में शामिल न होने से बैंक शाखाएं खुली रहीं और सामान्य कामकाज किया गया। दूसरी ओर डाक विभाग में तैनात ग्रामीण डाक सेवक दो दिनी हड़ताल पर चले गए हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में डाक वितरण कार्य प्रभावित रहा।