सीएम की विधानसभा में ग्रामीण मूलभूत समस्याओं से परेशान हैं। प्रशासन से कई बार शिकायत कर समाधान की गुहार लगाने वालों की समस्याएं हल नहीं हो रही हैं तो वह अब अपनी मांगों के लिए सीएम दरबार में हाजिरी लगाकर समाधान की मांग कर रहे हैं।
बनबसा (चंपावत)। बनबसा के आंबेडकर ग्राम फागपुर में शहीद जगदीश सिंह द्वार से पूर्व सैनिक लाल सिंह के आवास तक का प्रमुख संपर्क मार्ग पर जगह जगह गहरे गड्ढे हैं। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शीघ्र इस संपर्क मार्ग के जीर्णोद्धार की मांग की है।
फागपुर स्थित शहीद द्वार से करीब डेढ़ किमी लंबा संपर्क मार्ग डेढ़ दशक से क्षतिग्रस्त हो चुका है। बरसात ग्रामीणों, स्कूली बच्चों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। प्रधान हर्ष बहादुर चंद ने बताया कि शासन प्रशासन से गुहार लगाने के बाद भी सुनवाई नहीं हुई है।
पूर्व प्रधान गीता देवी, चंद्र प्रकाश, ललिता देवी, उपप्रधान खुशाल राम, अनोखे लाल, विमला देवी, पूर्व सैनिकों, आश्रितों और ग्रामीणों ने सीएम से इस संपर्क मार्ग के जीर्णोद्धार की मांग की है।
जिम्मेदारों ने आमबाग की सड़क पर मलबा डालकर पाट दिया
टनकपुर (चंपावत)। आमबाग, छीनीगोठ, कार्की फार्म के ग्रामीणों ने सीएम कैंप कार्यालय के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा और पीलीभीत चुंगी से आमबाग वाली सड़क की मरम्मत की मांग की है।
मंगलवार को भीम रजवार, मदन कुमार, कमल पंत, नवल किशोर, गोकुल प्रसाद, कुशल सिंह आदि सीएम कैंप कार्यालय पहुंचे। उन्होंने ज्ञापन सौंपकर कहा कि आमबाग को जाने वाली सड़क को पानी निकासी के नाम पर उखाड़ दिया गया और उसके बाद विवाद होने पर बिना निकासी पाइप डाले और मलबा डालकर ढक दिया गया। उन्होंने उक्त हिस्से में डामरीकरण कराने की मांग की है। संवाद
तल्लादेश में समस्याएं हाबी, मगर सुविधाएं नाकाफी
समाजसेवी निर्मला ने सीएम को बताई सीमांत की समस्याएं
संवाद न्यूज एजेंसी
चंपावत। जिले की सामाजिक कार्यकर्ता निर्मला पांडेय ने दून में सीएम पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर उन्हें सीमांत तल्लादेश की समस्याएं बताईं। उन्होंने सीएम को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर करने, सड़कों और स्कूलों की दशा सुधारने, मोबाइल सेवा का विस्तार आदि मांगों को प्रमुखता से उठाया। कहा कि सल्ली हाईस्कूल में विज्ञान प्रयोगशाला और पुस्तकालय भवन बनाने, जीआईसी मंच में विज्ञान वर्ग की स्वीकृति, जीआईसी मंच और तामली में एनसीसी की यूनिट स्थापित करने, मंच उप तहसील को क्रियाशील करने से क्षेत्रीय जनता को लाभ मिला है। संवाद
अमोड़ी क्षेत्र में समस्याओं का अंबार, समाधान की है दरकार
चंपावत। सामाजिक कार्यकर्ता पानदेव भट्ट ने अमोड़ी क्षेत्र की समस्याओं को लेकर दून में सीएम पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने महाविद्यालय अमोड़ी में बीएससी, एमए की कक्षाओं का संचालन करने, अमोड़ी में वाहन पार्किंग का निर्माण, भनौली से भिंजर मल्ली खटोली तक सड़क निर्माण, फुरकियाझाला लधिया नदी में पुल निर्माण की मांग की। संवाद
फोर्ती-मायावती पैदल मार्ग को पक्का करने की मांग
लोहाघाट (चंपावत)। नगर के कोलीढेक पुल के पास से मायावती आश्रम को जोड़ने वाले मार्ग की बदहाली पर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई है। आक्रोशित ग्रामीणों ने बदहाल मार्ग को पक्का करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर डीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा।
ग्राम प्रधान विमला पुनेठा, राजेश पुनेठा, योगी दीनानाथ के नेतृत्व में ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने कहा कि लोहाघाट के कोलीढेक पुल से फोर्ती होते हुए अद्वैत आश्रम मायावती को जोड़ने वाला पैदल मार्ग कई जगह क्षतिग्रस्त हो गया है। कई स्थानों पर झाड़िया भी उगी हुई हैं। ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग से फोर्ती और मायावती आश्रम के लिए स्थानीय लोग और पर्यटक आवागमन करते हैं। उन्होंने जल्द पैदल मार्ग पर कंक्रीट, नाली निर्माण और झाड़ी कटान की मांग उठाई। इस मौके पर सतीश चंद्र, रोहित पुनेठा, दीपेश पुनेठा, योगेश बगौली, निर्मला पुनेठा, दीपक पुनेठा, हीरा देवी, कमला देवी, मोहन पुनेठा, कपिल पुनेठा मौजूद रहे। संवाद
पुल के लिए नदी पार कर 115 किमी दूर पहुंचे टांगा के लोग
जिला मुख्यालय पहुंचकर डीएम को सुनाई व्यथा, बोले-कब मिलेगा बजट
इंफो
2014 में सीएम की घोषणा में शामिल होने के बाद भी आज तक नहीं बना पुल
संवाद न्यूज एजेंसी
पिथौरागढ़। मुनस्यारी क्षेत्र के टांगा के ग्रामीण समस्याओं को लेकर 115 किमी दूर जिला मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने डीएम रीना जोशी को अपनी व्यथा सुनाई।
ग्रामीणों ने बताया कि उनकी ग्राम पंचायत में आपदाकाल के चार महीने तक एक तोक वाले दूसरे तोक वालों से नहीं मिल पाते हैं। एक स्कूल दो जगहों पर चलता है। उन्होंने कहा गांव के लिए 80 मीटर स्पाॅन पुल बनना था। वर्ष 2014 में मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल होने के बाद भी आज तक पुल के लिए बजट नहीं मिला। बताया कि लोनिवि ने डीपीआर बनाकर शासन को भेजा है।
पुल नहीं होने से एक ही ग्राम पंचायत के टांगा, लोदी, दानीबगड़, लोधियाबगड़ आदि तोकों के लोग मानसून सीजन में आपस में नहीं मिल पाते हैं। दो बड़ी नदियों से भूस्खलन भी लगातार बढ़ रहा है। बच्चे भी एक ही जगह पर एक साथ बैठकर पढ़ाई नहीं कर पाते हैं।
गरारी इतनी खराब है कि एक आदमी को पार करने के लिए दो लोगों की जरूरत होती है। उन्होंने बताया कि 15 वर्षों से लोदी मोटर मार्ग का डामरीकरण नहीं हो पाया है। ग्राम पंचायत में मोबाइल का नेटवर्क नहीं है। इस कारण छुट्टी में भी विद्यार्थी अपने गांव नहीं आते हैं।
कहा कि पूर्व सैनिक और सेवानिवृत्त लोग वापस गांव को आ रहे हैं लेकिन सुविधाओं के अभाव में उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बताया कि पलायन के बाद भी ग्राम पंचायत में 1065 की जनसंख्या वर्तमान में रह रही है।
इस मौके पर जिपं सदस्य जगत मर्तोलिया, धर्म सिंह परिहार, भगवान सिंह परिहार, ललित सिंह परिहार, गोविंद सिंह परिहार, धर्मेंद्र सुयाल, प्रेम सिंह सेनरी, विक्रम बथियाल मौजूद रहे।
टांगा जाकर सर्वे करें बीएसएनएल के अभियंता : डीएम
पिथौरागढ़। टांगा के ग्रामीणों की व्यथा सुन डीएम रीना जोशी ने बीएसएनएल के सहायक अभियंता को तलब किया। उन्होंने सहायक अभियंता को तत्काल टांगा जाकर सर्वे करने और मोबाइल टावर को प्रस्तावित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लोनिवि के अधीक्षण अभियंता को शासन स्तर पर दोनों मांगों के लिए बजट जारी कराने को प्रयास करने को कहा। संवाद