टनकपुर में गंगा दशहरा पर यूपी के पीलीभीत से साथियों के साथ शारदा नदी में स्नान करते समय डूबे युवक का दूसरे दिन भी कोई सुराग नहीं लग पाया। एसडीआरएफ और पुलिस के गोताखोर युवक की तलाश में जुटे रहे। पीलीभीत से आए परिजन भी पुलिस के साथ सुबह से ही घटनास्थल के आसपास रहे। युवक के साथियों ने बताया कि नहाते समय नदी किनारे अचानक पांव के नीचे से रेत का टीला बहने से वह तेज बहाव की चपेट में आया।
रविवार की शाम करीब 4:25 बजे कांकड़ी घाट के पास साथियों के साथ स्नान करते समय पीलीभीत के मोहल्ला बर्फ वाली गली, नगर कोतवाली निवासी हर्ष राठौर (27) पुत्र राम अवतार राठौर तेज बहाव की चपेट में आ गया था। बूम चौकी इंचार्ज एसआई दिलवर सिंह भंडारी ने बताया कि डूबे युवक के परिजनों के साथ सुबह से एसडीआरएफ और पुलिस की टीम नदी में तलाशी अभियान चला रही है।
ये पढ़ें- CM Dhami: नैनीताल पहुंचे सीएम पुष्कर सिंह धामी, इस वजह से हो गए नाराज; अधिकारियों के साथ करेंगे बैठक
इधर, पीलीभीत से पहुंचे हर्ष के जीजा सूरज राठौर और साथी वैभव कश्यप, निर्मल सिंह, मुदित भारती, आयुष कुमार, बंटी, रोहित भारती भी उसे तलाशते रहे। घटना के समय साथ में स्नान कर रहे मुदित भारती, रोहित आदि ने बताया कि वह लोग दोपहर करीब दो बजे पीलीभीत से कार से आए थे। करीब चार बजे बूम घाट पहुंचे, जहां भोजन किया और अधिक भीड़ होने पर काकड़ी घाट के समीप नदी में नहाने लगे।नदी के किनारे नहाते समय पांव के नीचे से रेत का टीला बह गया और हर्ष पानी में बहने लगा। उसे बचाने के लिए रोहित, निर्मल, वैभव में पानी में उतरे, लेकिन बचा नहीं पाए। शोर मचाने पर आस पास से लोग आए और पुलिस के तैराक, एसडीआरएफ की टीम आई।
दो भाई बहनों में घर का इकलौता चिराग है हर्ष
हर्ष राठौर दो भाई-बहनों में इकलौता चिराग है। उसके जीजा सूरज राठौर ने बताया कि परिवार में मां सरिता राठौर का छह माह पहले ही निधन हुआ है। पिता राम औतार राठौर जिला कोर्ट में लिपिक हैं। हर्ष एलएलबी करने के बाद कुछ समय से पीलीभीत जिला कोर्ट में एक अधिवक्ता के साथ प्रैक्टिस कर रहा है। परिवार में पिता और उसकी छोटी बहन श्रुति राठौर है।