चंपावत जिला सभागार में तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत बैठक में मौजूद अधिकारी।
- फोटो : CHAMPAWAT
चंपावत। राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम की जिला स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक में डीएम नरेंद्र सिंह भंडारी ने कहा कि सभी शैक्षणिक संस्थानों के 100 मीटर परिधि में तंबाकू की बिक्री पूर्ण रूप से प्रतिबंधित है। उन्होंने पुलिस, स्वास्थ्य, राजस्व विभाग को संयुक्त अभियान चलाकर जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों के पास तंबाकू पदार्थों की बिक्री रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसके लिए लगातार छापा मारकर चालान की कार्रवाई की जाए।
उन्होंने जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में तंबाकू के प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और इसके लिए विभागाध्यक्ष एक प्रमाणपत्र भी उपलब्ध कराएंगे। सीओ विपिन चंद्र पंत ने बताया कि तंबाकू नियंत्रण में वर्ष 2021 में 3141 चालान कर करीब 215000 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इस साल भी 515 चालान कर करीब 25000 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इस कार्यक्रम की जिला नोडल अधिकारी डॉ. श्वेता खर्कवाल ने तंबाकू नियंत्रण के लिए जिले में कराए जा रहे जागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी दी। बैठक में सीडीओ राजेंद्र सिंह रावत, सीएमओ डॉ. केके अग्रवाल, डीपीएम गौरव पांडेय, ममता मिश्रा आदि रहे।
पुलिस ने किया 150 लोगों का सत्यापन
पिथौरागढ़। जिलेभर में पुलिस टीम ने सत्यापन अभियान चलाकर 150 लोगों का सत्यापन किया। पुलिस टीम ने मंगलवार को जिले में रहने वाले बाहरी मजदूर, फड़-फेरी, रेहड़ी, ठेले लगाने वालों का अभियान चलाकर सत्यापन किया। इनमें 106 मजदूर, पांच रेहड़ी, ठेली वाले, 39 किराएदार शामिल रहे। एसपी लोकेश्वर सिंह ने कहा कि सत्यापन अभियान जारी रहेगा।