लोहाघाट रोड़वेज बस स्टेशन में बसों का इंतजार करते यात्री।
- फोटो : LOHAGHAT
लोहाघाट (चंपावत)। रोडवेज की अधिकांश बसें चुनाव ड्यूटी पर लगने के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को डिपो से एक भी बस का संचालन न होने के कारण यात्री टैक्सियों, कैंटरों में यात्रा करने के लिए मजबूर हो गए। बसें न मिलने से निराश कई यात्री लौट गए।
सोमवार सुबह से ही यात्रियों के रोडवेज स्टेशन में आने का क्रम शुरू हो गया था।
सुबह स्वांला के पास सड़क बंद होने के कारण रोडवेज बसें देरी से पहुंचीं। यात्री बसों के आने का स्टेशन में इंतजार करते रहे, लेकिन कोई भी बस स्टेशन में नहीं पहुंची। शाम को टनकपुर जाने के लिए टैक्सियां भी नहीं मिल पाईं। इससे यात्रियों को निराश लौटना पड़ा। रोडवेज के प्रभारी एसएसआई मंजुल कुमार ने बताया कि 11 बसें चुनाव ड्यूटी में चली गई हैं, जबकि बुधवार को 10 और बसें चुनाव ड्यूटी में भेजी जा रही है। बसों की कमी के कारण किसी भी रूट पर बसों का संचालन नहीं किया गया।
विभिन्न रूटों पर रोजाना होता है 16 बसों का संचालन
लोहाघाट (चंपावत)। रोडवेज के लोहाघाट डिपो से विभिन्न रूटों पर रोजाना 16 बस सेवाओं का संचालन किया जाता है। इनमें से दिल्ली के लिए पांच, देहरादून के लिए चार, गुरुग्राम, बरेली के लिए दो, नैनीताल, हल्द्वानी, काशीपुर, ऋषिकेश के लिए एक-एक बस का संचालन होता है।