पासिंग आउट परेड के बाद देहरादून के आईएमए परिसर में माता-पिता के साथ लेफ्टिनेंट नितिन बोहरा।
- फोटो : CHAMPAWAT
चंपावत। जिले के फुलारगांव निवासी नितिन बोहरा सेना में लेफ्टिनेंट बन गए हैं। भारतीय सैन्य अकादमी देहरादून में शनिवार को पासिंग आउट परेड (पीओपी) के बाद वह सेना का हिस्सा बन गए। 23 वर्षीय नितिन के कमीशंड अफसर बनने पर गृहणी मां भागीरथी और पिता मोहन सिंह बोहरा गदगद हैं। मोहन खुद भी नौसेना में जेसीओ रह चुके हैं। उनके ताऊ जगत सिंह बोहरा लेफ्टिनेंट पद से सेवानिवृत्त हुए।
उनके नाना सेवानिवृत्त शिक्षक माधो सिंह अधिकारी ने बताया कि शुरू से मेधावी नितिन ने मुंबई में इंटर तक की पढ़ाई करने के बाद डॉन बॉस्को विद्या विहार से मेकेनिकल इंजीनियरिंग की डिग्री ली। पिछले साल हुई सम्मिलित रक्षा सेवा (सीडीएस) की परीक्षा में उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान पाया था। सैन्य अफसर बनने पर शिक्षक मामा दीपक अधिकारी, जिला पंचायत अध्यक्ष ज्योति राय, क्षेत्र के निवासी भाजयुमो जिलाध्यक्ष मोहित पाठक, जिला पंचायत सदस्य प्रीति पाठक आदि ने बधाई दी है।