बनबसा (चंपावत)। एनएचपीसी के तकनीकी निदेशक सुप्रकाश अधिकारी ने बनबसा स्थित टनकपुर पावर स्टेशन का दौरा किया। उनके आगमन पर महाप्रबंधक ऋषि रंजन आर्य ने उनका स्वागत किया। सीआईएसएफ कर्मियों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया।
तकनीकी निदेशक ने बनबसा स्थित पावर स्टेशन के प्रशासनिक भवन, पावर हाउस, स्विचयार्ड, फोरबे, सिल्ट इजेक्टर, टनकपुर बैराज परिसर, इंडो-नेपाल केनाल का निरीक्षण किया और विभिन्न विभागों के अधिकारियों से चर्चा भी की। टनकपुर बैराज के निरीक्षण के दौरान सिल्ट इजेक्टर पर विकसित नए गार्डन और बैराज पर स्थापित लॉग-बूम का उद्घाटन किया। पावर हाउस स्थित सम्मेलन कक्ष में उन्हें पावर स्टेशन की विभिन्न जानकारियां प्रोजेक्टर पर प्रदर्शित की गई। उन्होंने अधिकारियों और यूनियन प्रतिनिधियों के साथ विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा की। उन्होंने देयलक्ष्य से अधिक विद्युत उत्पादन करने के लिए अधिकारियों, कर्मियों, संविदाकर्मियों को शाबाशी दी।