लोहाघाट (चंपावत)। विकासखंड बाराकोट के अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (एपीएचसी) चौमेल में दो डॉक्टरों की तैनाती हो गई है। इनमें डॉ. रतिरंजन सरकार और डॉ. विनय यादव शामिल हैं। दोनों नए डॉक्टरों ने बुधवार को 20 से अधिक रोगियों का उपचार कर उन्हें दवाएं भी दिलाईं। दो डॉक्टरों के आने से लोगों को उपचार के लिए अन्य अस्पतालों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी।
चामी के ग्राम प्रधान प्रकाश सिंह महर, नवीन पाठक, मनोज सिंह, कुलदीप फर्त्याल, रवि महर, आशा बिष्ट, बबीता, कमला आदि का कहना है कि करीब पांच साल से अस्पताल में डॉक्टर तैनात न होने से फार्मासिस्ट और वार्डब्वॉय की ओर से रोगियों का उपचार किया जा रहा है। गंभीर बीमारियों और इमरजेंसी में लोगों को उपचार के लिए करीब 14 किमी दूर लोहाघाट जाना पड़ रहा था। चौमेल अस्पताल में चौमेल, चामी, वल्सों, खेती, काकड़ी, जमाड़, जमरेड़ी, चांचड़ी, सुतेड़ा, चमरौली, मऊ, मौलानी, सिमैला, लीदू, ध्याड़ी, छतोली, सिरतोली, मंगोली आदि गांवों के मरीजों की निर्भरता है। फिर भी अस्पताल में डॉक्टर तैनात न होने पर लोगों को परेशानी हो रही थी। लोगों ने पिछले माह विरोध, प्रदर्शन भी किया था। चिकित्साधीक्षक डॉ. जुनैद कमर ने बताया कि एपीएचसी चौमेल में पहले डॉ. जितेंद्र जोशी तैनात थे। इस दौरान डॉ. जोशी चार दिन चौमेल और दो दिन लोहाघाट अस्पताल में अपनी सेवाएं देते थे। कोरोना काल में करीब दो वर्ष पूर्व डॉ. जोशी को टनकपुर अस्पताल में संबद्ध किया गया था, जो अब पीजी करने चले गए हैं। डॉक्टरों की तैनाती होने पर क्षेत्रीय लोगों ने खुशी जता स्वास्थ्य विभाग का आभार जताया है।