नेपाल से लगी टनकपुर सीमा पर पैट्रोलिंग करते एसएसबी जवान।
- फोटो : TANAKPUR
स्वतंत्रता दिवस और रक्षा बंधन पर्व पर एसएसबी ने सुरक्षा और कड़ी कर दी है। बुधवार को एसएसबी की 57 वीं वाहिनी की जी कंपनी के जवानों ने टनकपुर से लगी सीमा पर सघन पेट्रोलिंग कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और रास्ते में मिले लोगों से गहन पूछताछ की। बनबसा में भी पुलिस और एसएसबी ने सीमा पर सघन चेकिंग की।
स्वतंत्रता दिवस और रक्षाबंधन पर्व पर विशेष सतर्कता बरते जाने के आदेश पर सीमा पर तैनात सुरक्षा एजेंसियों ने चौकसी बढ़ा दी है। एसएसबी के साथ ही पुलिस भी सुरक्षा को लेकर अलर्ट है। सार्वजनिक स्थलों पर विशेष निगरानी के साथ ही होटलों में ठहरे लोगों से गहन पूछताछ की जा रही है।
एसएसबी की टनकपुर बीओपी के इंचार्ज सहायक उप निरीक्षक विनोद कुमार के नेतृत्व में बुधवार को जवानों ने सघन पेट्रोलिंग की। बीओपी इंचार्ज ने बताया कि थपलियालखेड़ा से लेकर ब्रह्मदेव तक सीमा पर जंगल में सघन पेट्रोलिंग की गई लेकिन कोई संदिग्ध व्यक्ति व गतिविधि नहीं दिखी। दोनों देशों के बीच आवाजाही करते रास्ते में मिले लोगों से गहन पूछताछ और चेकिंग की भी गई।
पेट्रोलिंग में कांस्टेबल सुरेंद्र सिंह, दीपक कुमार, रणवीर कुमार, संतोष तिवारी आदि शामिल थे। बनबसा में सीओ विपिन चंद्र पंत के नेतृत्व में पुलिस और खुफिया एजेंसियों के कर्मचारियों ने बैराज, रेलवे स्टेशन, बस अड्डा आदि स्थानों और होटल ढाबों में चेकिंग कर सुरक्षा का जायजा लिया। चेकिंग में थानाध्यक्ष जसवीर सिंह चौहान, एएसआईओ भाष्कर बडौला आदि शामिल थे।