टनकपुर (चंपावत)। विचई और सैलानीगोठ के बीच रेलवे लाइन की पुलिया के नीचे पिछले माह मृत मिली अज्ञात युवती की शिनाख्त नहीं हो सकी है। यूपी भेजी गई पुलिस टीमें भी बैरंग लौट आईं हैं। आरोपी की तलाश में पुलिस घटना वाले दिन घटना स्थल के आसपास प्रयुक्त मोबाइल फोन की लोकेशन जान कर हत्यारोपी का पता लगाने में जुटी है।
विचई और सैलानीगोठ के बीच रेलवे लाइन की पुलिया के नीचे 28 जनवरी को करीब 24 वर्षीय युवती का शव मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर उसकी हत्या की पुष्टि होने पर पुलिस केस दर्ज कर मृतका की शिनाख्त और हत्यारे का पता लगाने में जुटी है।
मामले की जांच कर रहे कोतवाल चंद्रमोहन सिंह का कहना है कि मृतका की शिनाख्त न होने के कारण हत्या का खुलासा नहीं हो पा रहा है। यूपी के थानों में मृतका का हुलिया भेजने के साथ ही पुलिस टीम भी यूपी भेजी गई लेकिन कोई सफलता नहीं मिल पाई है।
लोगों का कहना है कि इस हत्याकांड का खुलासा शीघ्र होना चाहिए। मृतका की पहचान होने या आरोपी के खुद अपराध कबूलने से ही इस मामले का खुलासा हो सकता है। ऐसा न होने पर घटनास्थल के आसपास रहने वाले लोगों की सुरक्षा के प्रति चिंता बढ़ती जा रही है।