चंपावत। जिला अस्पताल चंपावत में आईसीआईसीआई फाउंडेशन के सीएसआर मद से 1.5 टेस्ला एमआरआई मशीन स्थापित कर दी गई है। संचालन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर दी गई हैं।
जिला अस्पताल के क्रिटिकल केयर यूनिट के एक कक्षा में मशीन का स्थापित कर दिया गया है। पिछले कुछ समय से मशीन लगाने का कार्य चल रहा था। एमआरआई के माध्यम से मस्तिष्क, रीढ़ की हड्डी, जोड़ों, पेट और पेल्विस जैसे शरीर के अंगों की विस्तृत जांच होती है इससे ट्यूमर, चोट, स्ट्रोक और अन्य स्थितियों का पता लगाना आसान होगा।
वर्तमान में एमआरआई जांच के लिए मरीजों को खटीमा, हल्द्वानी और बरेली जैसे शहरों में जाना पड़ता है। लोगों को भी बेसब्री से मशीन के संचालन का इंतजार है। डीएम मनीष कुमार ने बताया सीएम पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से अस्पताल में एमआरआई मशीन स्थापित की गई है। इससे चंपावत के साथ ही अन्य जिलों के लोगों को भी इस सुविधा का लाभ मिलेगा।
कोट
एमआरआई मशीन स्थापित कर दी गई है। अब जल्द ही तकनीशियन को मशीन संचालन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। उसके बाद मशीन का ट्रायल कर एमआरआई की सुविधा सरकारी दरों के अनुसार शुरू कर दी जाएगी। -डॉ. देवेश चौहान, सीएमओ