चंपावत। गुरु गोरखनाथ मंदिर में लगाया गया बीएसएनएल का मोबाइल टावर शो पीस बना है। मोबाइल नेटवर्क नहीं होने से बैंक उपभोक्ताओं के साथ ही अन्य लोग परेशान हैं। सबसे अधिक दिक्कतें उन किसानों को उठानी पड़ रही हैं, जिन्हें किसान सम्मान निधि का लाभ मिलता है। वर्तमान में किसान सम्मान निधि पाने वाले लाभार्थियों के ई-केवाईसी बनाए जाने का अभियान चलाया जा रहा है।
बीते 24 घंटे से मंच उप तहसील और उससे लगे 10 गांवों की मोबाइल सेवा ठप है। नेटवर्क नहीं होने से लोकसभा चुनाव की तैयारी में लगे कर्मचारी जिला मुख्यालय को सूचनाएं नहीं दे पा रहे हैं। एसबीआई की मंच शाखा के प्रबंधक बृजेश कुमार का कहना है नेटवर्क नहीं होने से बैंक का काम काज पूरी तरफ ठप रहा। ग्राम प्रधान दीपक महर, प्रेम राम, सुंदर सिंह महर, दलीप सिंह, संदीप महर, सूरज सिंह आदि ने मोबाइल नेटवर्क जल्दी ठीक करने की मांग उठाई है।
कोट
गुरु गोरखनाथ मंदिर में लगे टावर में जनरेटर खराब है और दो दिन से बिजली नहीं होने से बैटरी डाउन हो गई है। बिजली सुविधा बहाल होने पर टावर सुचारू रूप से चल सकेगा। - संजय कन्नौजिया, अवर अभियंता, बीएसएनएल, चंपावत।
इनसेट
नेटवर्क नहीं आया तो किसान निधि से वंचित हो जाएंगे कई किसान
चंपावत। सीमांत मंच के ग्रामीणों का कहना है कि पीएम किसान निधि के तहत ई-केवाईसी के लिए 80 लोगों के बीएसएनएल से मोबाइल नंबर लिंक हैं। मगर नेटवर्क नहीं होने से ई केवाईसी नहीं हो पा रही है। अगर नेटवर्क सुचारु नहीं हुआ तो यह सभी पीएम किसान निधि से वंचित रह जाएंगे। संवाद