टनकपुर (चंपावत)। जिले के एक भाजपा विधायक के पीआरओ पर टनकपुर कोतवाली की मनिहारगोठ पुलिस चौकी के प्रभारी से अभद्रता करने का आरोप लगा है। थाने में दरोगा को देख लेने की धमकी देने वाले पीआरओ को पुलिस ने कुछ देर तक हवालात में भी बंद रखा। बाद में कोतवाली पुलिस ने आरोपी का पुलिस एक्ट में चालान भी किया गया। पुलिस का कहना है कि बाद में माफी मांगने पर हवालात से छोड़ दिया गया। हालांकि पीआरओ ने आरोपों को नकारा है।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक फरवरी के अंत में बनबसा क्षेत्र में हुए एक बाइक हादसे के मामले में शनिवार को एक विधायक के पीआरओ मनिहारगोठ के चौकी प्रभारी से मिलने पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान पीआरओ शत्रुघ्न कोठारी ने कोतवाली में दरोगा से गाली-गलौज और अभद्रता की। पीआरओ की हरकत पर पुलिस ने उसे हवालात में डाल दिया। सीओ अविनाश वर्मा ने बताया कि चौकी प्रभारी से अभद्रता करने के चलते शत्रुघ्न कोठारी का 81 पुलिस एक्ट में चालान किया गया। अलबत्ता बाद में लिखित माफी मांगे जाने पर कोठारी को हवालात से जाने की इजाजत दी गई। वहीं कोठारी ने अभद्रता के आरोप को नकारा है। कहा कि वह थाने में तहरीर देने के लिए गए थे। इसी बीच उनके मोबाइल फोन को जब्त कर उन्हें हवालात में बंद कर दिया गया। इस मामले में एसपी से शिकायत करने की बात कही है।