शहीद राहुल रैंसवाल की मां हरू देवी और वीरेंद्र रैंसवाल। फोटो: संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : CHAMPAWAT
चंपावत। देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले राहुल रैंसवाल के परिजन अपने बेटे के स्मारक के लिए तरस गए हैं। लगातार हो रही देरी और टालू रवैये से नाराज माता-पिता ने अब आंदोलन की चेतावनी दी है। कहा कि अगर 19 नवंबर तक स्मारक में शहीद की प्रतिमा नहीं लगाई गई, तो वे स्मारक में ही धरना शुरू कर देंगे।
18 कुमाऊं के राष्ट्रीय राइफल्स में तैनात फौजी राहुल रैंसवाल की 21 जनवरी 2020 को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा के पंपोर में आतंकियों से मुठभेड़ में शहादत हुई थी। शहीद राहुल रैंसवाल अटल उत्कृष्ट जीआईसी में शहीद स्मारक बनाया जाना था। इसके लिए स्मारक स्थल तो बना दिया गया लेकिन प्रतिमा स्थापित नहीं की जा सकी है, जबकि राजस्थान से प्रतिमा बनाकर लाए हुए भी एक माह से अधिक का समय हो चुका है। बार-बार हो रही देरी से नाराज शहीद की मां हरू देवी और पिता वीरेंद्र रैंसवाल ने 19 नवंबर तक स्मारक में प्रतिमा न लगाए जाने पर धरना देने का एलान किया है। इसे लेकर रक्षा मंत्रालय को पत्र भेजने की बात कही गई है।
शहीद स्मारक स्थल पर स्थापित की जाने वाली प्रतिमा आ चुकी है। इस मूर्ति को एक सप्ताह के भीतर लगा दिया जाएगा। प्रतिमा स्थापना के मौके पर शहीद के परिजनों का भी सम्मान किया जाएगा। - भूपेंद्र प्रकाश जोशी, ईओ, नगर पालिका, चंपावत।