डीएम दीपेंद्र कुमार चौधरी ने विभागों को 15 मार्च तक विभिन्न योजनाओं के धन का उपयोग करने के निर्देश दिए हैं। बृहस्पतिवार को जिला, राज्य, केंद्र पोषित और अन्य योजनाओं की समीक्षा बैठक में शत-प्रतिशत रकम का उपयोग नहीं करने वाले विभागों के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई। लोनिवि के आवासीय भवनों का निर्माण मार्च तक पूरा करने की हिदायत दी गई है।
जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी एलएम जोशी के संचालन में हुई बैठक में बताया गया कि 49.61 करोड़ की अनुमोदित जिला योजना में से जनवरी तक 40.85 करोड़ रुपये विभागों को रिलीज किया गया है। इसमें से 30.11 करोड़ खर्च किया जा सका है। लोनिवि, उरेडा, दुग्ध विकास, सिंचाई, माध्यमिक शिक्षा को कार्यो में तेजी लाने को कहा गया। उरेडा को स्ट्रीट लाइट के काम को अगले महीने तक हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। टास्क फोर्स अधिकारियों से भी योजनाओं के सत्यापन में तेजी लाने को कहा गया। कुमाऊं मंडलायुक्त के जिला भ्रमण के मद्देनजर चारों सेक्टरों में अवमुक्त धनराशि के सापेक्ष निर्माण कार्यों में योजनावार विवरण 29 फरवरी तक उपलब्ध कराने को कहा गया है।
बताया गया कि आगामी वित्त वर्ष की जिला योजना के आकार में कोई बदलाव नहीं होगा। प्रभारी सीडीओ हरगोविंद भट्ट ने सांसद आदर्श गांव रौलमेल में कराए गए कार्यों के खर्च का ब्यौरा शुक्रवार तक देने के अधिकारियों को निर्देश दिए। इसी तरह डॉ. कलाम ग्राम बदलाव योजना के तहत नामित अधिकारियों को कलस्टर में जाकर ट्रेनिंग देने और जड़ीबूटी विकास की कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया। बैठक में सीएमओ डॉ. विनोद टोलिया, डीएफओ एके गुप्ता, प्रभारी अधिकारी सीमा विश्वकर्मा, लोनिवि के ईई बीसी पंत, सीएओ आरएल चंद्रवाल, सीवीओ डॉ. पीएस भंडारी, सीईओ एनसी पाठक, डीपीआरओ सुरेश बैनी, स्वजल के पीएम महेंद्र कुमार गर्ग आदि थे।