श्रीराम सेवा सांस्कृतिक रामलीला कमेटी की पहल पर महाशिवरात्रि के मौके पर होने वाले ऋषेश्वर महोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है। तय किया गया कि झांकी के समापन पर मंदिर में खड़ी होली का गायन भी किया जाएगा।
रविवार को रामलीला कमेटी के अध्यक्ष जीवन मेहता के नेतृत्व में आयोजन मंडल के सदस्यों ने शिव बारात निकालने के लिए झांकी की तैयारी को अंतिम रूप दिया। सोमवार को दोपहर दो बजे शिवजी बारात हथरंगिया स्थित सर्वोदय मंदिर से छलिया नर्तकों के साथ मीना बाजार, खड़ी बाजार, स्टेशन बाजार होते हुए ऋषेश्वर मंदिर तक निकाली जाएगी।
झांकी के मंदिर में पहुंचने के बाद वहां खड़ी होली का आयोजन किया जाएगा। वहां ईश्वरी लाल साह, दीपक सुतेड़ी, पारस जुकरिया, संजय फर्त्याल, नवीन बोहरा, मुकेश साह, अमित साह, महेश राय, गणेश खर्कवाल, हरीश मेहता, दानू सुतेड़ी, जगदीश साह, निमिष राय आदि थे।
चंपावत के डिप्टेश्वर में होगा होली महोत्सव
चंपावत। डिप्टेश्वर महादेव मंदिर मांदली में होली महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। होली महोत्सव को लेकर क्षेत्र के लोगों के साथ सोमवार को बैठक होगी। मांदली के होली कमेटी के वरिष्ठ सदस्य और होल्यार विक्रम सिंह खाती ने बताया कि चंपावत में खड़ी होली की खास पहचान रही है। कहा कि नगर और चाराल क्षेत्र में होली एकादशी से लेकर टीका तक खड़ी होली विशेष उत्साह के साथ मनाई जाती है। एकादशी को चीर बंधन के साथ घर-घर जाकर ढोल-मंजीरे की थाप के बीच खड़ी होली का गायन होता है। इसमें पुरुष और महिलाओं की टोलियों हर रोज अलग-अलग होलियों का गायन करती हैं।
कमेटी के अध्यक्ष भुवन पांडेय और वरिष्ठ पत्रकार दिनेश चंद्र पांडेय ने बताया कि इस बार होली का आयोजन 17 मार्च को होली एकादशी के दिन चीर बंधन के साथ होगा और 22 मार्च को होली टीका तक चलेगा। कहा कि शिवरात्रि को बैठक कर आयोजन की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया जाएगा।