नववर्ष पर मां पूर्णागिरि धाम में उमड़े भक्त।
- फोटो : चंपावत
मां श्री पूर्णागिरि धाम के दर्शन से हजारों भक्तों ने नए साल की शुरुआत की। थर्टी फर्स्ट की रात श्रद्धालुओं ने धाम क्षेत्र में जगह-जगह डेरा डालकर रातभर भजन-कीर्तन किए। कई भक्तों ने भंडारा लगाकर श्रद्धालुओं की सेवा भी की। मंदिर समिति के मुताबिक करीब साठ हजार से अधिक लोग नए साल के स्वागत को मां के दरबार में पहुंचे। वहीं, पुलिस कर्मी सुरक्षा को लेकर अलर्ट रहे।
नए साल के स्वागत के लिए थर्टी फर्स्ट की सुबह से ही दूर-दराज से बड़ी संख्या में यात्री पहुंचने लगे थे। यूपी के पीलीभीत, बीसलपुर, बरेली, लखीमपुर खीरी, कासगंज, एटा समेत विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग नए साल पर मां के दर्शन को पहुंचे।
भैरव मंदिर से लेकर काली मंदिर तक जगह-जगह भक्तों की टोलियां भजन-कीर्तन करती रही। मंगलवार सुबह ब्रह्म मुहूर्त में मां पूर्णागिरि के दर्शन के लिए मंदिर की ओर रवाना हुए। सीओ नरेश चंद और कोतवाल चंद्रमोहन सिंह ने धाम क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर पैनी नजर रखे रहे। मंदिर समिति अध्यक्ष पंडित भुवन चंद्र पांडेय के मुताबिक दर्शन और सुरक्षा की व्यवस्था चौक-चौबंद रही, लेकिन विद्युत व्यवस्था से दुकानदारों और श्रद्धालुओं को परेशानी झेलनी पड़ी। धाम के कई क्षेत्रों में लो-वोल्टेज की समस्या बनी रहीं। उधर भक्तों ने मां पूर्णागिरि के दर्शन के बाद नेपाल के ब्रहदेव में स्थित बाबा सिद्धनाथ मंदिर में भी मत्था टेका। नए साल में महेंद्रनगर में भी काफी चहल-पहल रही।