राज्य सरकार ने जिले की संवेदनशीलता और बढ़ती सामरिक महत्ता को देखते हुए लोहाघाट टनकपुर, बनबसा थानों को कोतवाली का दर्जा देकर यहां और पुलिस व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने का निर्णय लिया है। वर्तमान में पंचेश्वर और चंपावत में ही कोतवाली हैं, जबकि तामली, रीठासाहिब, पाटी, लोहाघाट, टनकपुर, बनबसा में थाने हैं, जिसमें से लोहाघाट को आदर्श थाने का दर्जा दिया हुआ है।
एसपी दलीप सिंह कुंवर के अनुसार बदलती परिस्थितियों में जिले के तीन थानों को कोतवाली का दर्जा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जिसमें लोग भी चाहते हैं कि बदलते हालातों को देखते हुए थानों का उच्चीकरण कर उन्हें कोतवाली का दर्जा देने के साथ उन्हें अत्याधुनिक पुलिस सुविधाओं से लैस किया जाए। एसपी के अनुसार जिले का अधिकांश क्षेत्र अब राजस्व पुलिस के स्थान पर रैगुलर पुलिस के अधीन आ गया है, लेकिन बाराकोट ब्लॉक के 10 पटवारी क्षेत्रों, 103 गांव और लोहाघाट ब्लॅाक के मंगोली, ईड़ाकोट, ढेरनाथ पट्टियों को भी रैगुलर पुलिस क्षेत्र में शामिल करने की कवायद शुरू की गई है।
वर्तमान में बाराकोट ब्लॉक में बापरू, बाराकोट ग्राम पंचायतों के 11-11 गांव लोहाघाट थाने में शामिल हैं। निकट भविष्य में बाराकोट में थाना प्रस्तावित किया गया है। फिलहाल बाराकोट में चौकी स्थापित करने की पहल की गई है।