लोहाघाट (चंपावत)। यहां से करीब दो किमी दूर पाटन पुल के पास एक जीप दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में सात लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से जख्मी दो लोगों को हल्द्वानी रेफर किया गया है। हादसे की वजह ड्राइवर का नशे में होना बताया गया है। जीप में कुल नौ लोग सवार थे। जीप को सीज कर ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया है। थानाध्यक्ष डीएल वर्मा ने बताया कि जीप को सीज कर नशे में धुत ड्राइवर मोहन को गिरफ्तार किया गया है। उसका डीएल निरस्त करने के लिए परिवहन विभाग को पत्र भेजा जाएगा।
सोमवार शाम करीब चार बजे यहां से रेगड़ू (बाराकोट) को जा रही (जीप यूए 03/2952) थी। तभी पाटन पुल के पास जीप दीवार से टकरा गई। मौके पर पहुंची फायर, पुलिस टीम ने घायलों को आपात सेवा 108, पुलिस वाहन से लोहाघाट अस्पताल पहुंचाया। डॉ. मंजीत सिंह ने बताया कि हादसे में गंभीर रूप से घायल गंभीर रूप से घायल हयात राम (45) पुत्र बची राम, बची राम की पत्नी बची देवी (65) निवासी तल्ली गुरना बाराकोट को हायर सेंटर रेफर किया गया है ।
रमेश चंद्र पुत्र खुशाल दत्त निवासी, विद्या देवी पत्नी रमेश चंद्र भुमवाड़ी पाटी, नीलावती पत्नी गोपाल निवासी खकोड़ा रेगड़ू, रमेश राम पुत्र नंदन राम, देवकी देवी पत्नी दीवान राम दियारतोली चोटिल हुए। फार्मेसिस्ट मुकुल राय, मनोज कुमार ने घायलों का इलाज किया जबकि दियारतोली निवासी सुभाष राम समेत तल्ली गुरना निवासी ड्राइवर मोहन सिंह को खरोंच भी नहीं आई।
लोहाघाट (चंपावत)। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग में भारतोली के पाए एक जीप (यूके 05/1148) बेकाबू होकर खाई में करीब 20 मीटर नीचे गिर गई। अलबत्ता हादसे में सवार सभी लोग बाल-बाल बच गए। जीप सवार डीडीहाट से बाराकोट के गुरना संतोला गांव आ रहे थे।
हादसे की वजह इस जगह पर पाला गिरना बताया गया है। जीप में कुल आठ लोग सवार थे। बताते हैं कि एनएच में उस्ताद होटल के पास सड़क में अत्यधिक पाला होने से जीप बेकाबू हो गई। मौके पर मौजूद च्यूरानी के ग्राम प्रधान विनोद सिंह, संजय, गौरव आदि ने लोगों को जीप से बाहर निकाला। सवार लोग गुरना संतोला में पूजा के लिए डीडीहाट से आ रहे थे। यात्रियों के नामों का ब्यौरा नहीं मिल सका।