असुरातल-तल्लाथुवा सड़क निर्माण के काम में लापरवाही बरतने और लगातार सड़क की बदतर हालत को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता राजेंद्र माहरा ने लोक निर्माण विभाग कार्यालय में तालाबंदी की। प्रभारी अधिशासी अभियंता के लिखित आश्वासन के बाद माहरा ने तीन घंटे बाद कार्यालय के ताले खोले। तालाबंदी के दौरान लोनिवि के अभियंता और कर्मचारी तीन घंटे तक बाहर बैठने को मजबूर हुए। इस दौरान कामकाज भी प्रभावित रहा।
राजेंद्र माहरा ने एक-एक कर लोनिवि कार्यालय के तमाम कक्षों में तालाबंदी की। कहा कि करीब 10 साल पहले लोनिवि ने असुरातल-तल्लाथुवा माहरा में करीब 6 किलोमीटर लंबे सड़क के निर्माण कार्य में लापरवाही की। विभाग ने मार्ग निर्माण के लिए स्वीकृत रकम का सही उपयोग नहीं करने का आरोप लगाया।
विज्ञापन
मोटर मार्ग निर्माण कार्य में विभाग ने मानकों को ताक पर रखकर सड़क का काम शुरू किया था। तल्लाथुवा माहरा गांव के पास सड़क में दो जगहों पर बड़े-बड़े गड्ढे खुले छोड़ दिए। इससे कई लोग चोटिल हो चुके हैं। माहरा ने कहा कि सड़क की हालत सुधारने के लिए कई बार लोनिवि से आग्रह किया गया लेकिन विभागीय अधिकारियों की तरफ से कोई पहल नहीं की गई।
करीब तीन घंटे तालाबंदी के दौरान महरा की अभियंताओं से वार्ता चलती रही। बाद में कार्यवाहक अधिशासी अभियंता बीबी पांडेय ने सड़क की खामियों को दूर करने का आश्वासन दिया। कहा कि 24 मई को असुरातल-तल्लाथुवा माहरा मार्ग की निविदा आमंत्रित करेंगे और औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शीघ्र ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इस आश्वासन के बाद तालाबंदी वापस ले ली गई।