कलक्ट्रेट रोड पर नहीं खुलेगी शराब की दुकान
- फोटो : अमर उजाला
हाइकोर्ट के निर्देश के बाद जिले के विभिन्न स्थानों में शराब की दुकानों को लेकर विरोध प्रदर्शन जारी है। जिला मुख्यालय में बीते तीन दिनों से शराब की दुकान आबादी वाले स्थलों में खोलने का विरोध कर रही महिलाओं को विधायक कैलाश गहतोड़ी का समर्थन मिला।
कलक्ट्रेट रोड पर शराब की दुकान खुलने की सुगबुगाहट से नाराज महिलाओं ने बुधवार सुबह से ही कलक्ट्रेट मार्ग पर धरना देना शुरू कर दिया। मौके पर पहुंचे विधायक ने महिलाओं के विरोध को जायज बताते हुए तत्काल डीएम डॉ.अहमद इकबाल और एडीएम हेमंत वर्मा को मौके पर तलब किया और महिलाओं के विरोध की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि जिन स्थानों में महिलाएं और ग्रामीण दुकान खुलने का विरोध कर रहे हैं उन स्थानों में किसी भी कीमत पर दुकानें न खुलने दी जाए। डीएम ने महिलाओं को आश्वस्त किया कि कलक्ट्रेट रोड पर शराब की दुकान नहीं खुलेगी। जिसके बाद महिलाओं ने विधायक के समर्थन में जमकर नारेबाजी करते हुए खुशी का इजहार किया। इस मौके पर डड़ा की ग्राम प्रधान पुष्पा नेगी, सभासद शकुंतला गोस्वामी, रेखा देवी, जीवंती देवी, हेमा देवी, कलावती देवी, सोहन सिंह डसीला, कैलाश अधिकारी, मोहन सिंह, महेश पुनेठा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रही।