प्रदेश के मुख्य सचिव एन रविशंकर ने मंगलवार को वीडियो कान्फ्रेंसिंग (वीसी) के माध्यम से सरकारी योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को शत-प्रतिशत लोगों के आधार कार्ड बनवाने, आधार कार्ड को बैंक खातों से जोड़ने के निर्देश दिए।
उन्होंने केंद्र, राज्य सरकार की ओर से चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर आम लोगों को लाभान्वित कराने, हर गांव को मोबाइल नेटवर्क से जोड़ने के लिए बीएसएनएल अधिकारियों को सक्रिय, वन भूमि हस्तांतरण के मामलों को एक अभियान चलाकर कार्रवाई पूरी करने के भी निर्देश दिए।
वीसी में प्रधानमंत्री जीवन ज्योति, जन-धन, पीएम सुरक्षा बीमा, मेरा गांव मेरी सड़क, आधार कार्ड, फसल बीमा योजनाओं का लक्ष्य पूरा करवाने को कहा गया। लोनिवि सचिव अमित नेगी ने राजस्व वसूली में तेजी लाने, बैंकों को लक्ष्य देकर लोन-जमा अनुपात बढ़ाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कृषि बीमा योजना के अंतर्गत सभी प्रभावितों को लाभान्वित करने, बीमा की धनराशि आवंटन के लिए बैंकों को निर्देशित करने को कहा। उन्होंने शत-प्रतिशत किसान क्रेडिट कार्डों के वितरण के भी निर्देश दिए।
प्रभारी जिलाधिकारी पारितोष वर्मा ने बताया कि जिले में आधार कार्ड बनाने के लिए केवल एक टीम नोडल एजेंसी की ओर से भेजी गई है। जिससे आधार कार्ड बनाने की गति काफी धीमी है।
जिस पर सचिव लोनिवि ने नोडल एजेंसी के प्रभारी को और टीमें भेजने को कहा। वहां डीडीओ विवेक उपाध्याय, डीएचओ एचसी तिवारी आदि विभागीय अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि मौजूद रहे।