चंपावत। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सूखीढांग के पास 11 दिन बाद फिर तेंदुआ नजर आया। तेंदुए ने दो जानवरों का शिकार किया। तेंदुए ने सड़क पर छोड़े गए बेसहारा मवेशियों को जंगल की ओर गुजरते हुए मारा। ये नजारा कार से जा रहे एक यात्री ने वीडियो में कैद किया। इस घटना के बाद वन विभाग ने गश्त बढ़ा दी है।
बूम के वन क्षेत्राधिकारी गुलजार हुसैन ने बताया कि तेंदुए ने बुधवार रात के समय हमला कर दो मवेशियों को शिकार बनाया। रेंजर का दावा है कि तेंदुए के तरीकों से यह तेंदुआ आदमखोर प्रतीत नहीं होता। यह वह तेंदुआ नहीं लग रहा जिसने जुलाई में एक महिला की जान ली थी। उन्होंने बताया कि जंगल के लिए गुजरते समय एनएच को पार करने के दौरान रास्ते में मवेशी आने से तेंदुए ने उसका शिकार किया।
वहीं यहां लगे चार पिंजरों को वन्यजीव संरक्षक की और अनुमति नहीं मिलने से पिछले सप्ताह हटा लिया गया है। इस क्षेत्र के आसपास 26 सितंबर से चार पिंजरे लगाए गए थे। विभाग का कहना है कि अब गश्त को फिर से बढ़ाया गया है और विभागीय कैमरों के जरिये नजर रखी जा रही है। बता दें कि सूखीढांग के गजार गांव में तेंदुए ने दो जुलाई को एक भोजनमाता को मार डाला था। उसके बाद भी तेंदुए के हमले में कई लोग घायल हो चुके हैं।
तीन दिन बाद भी पिंजरे के आसपास नहीं पहुंचा तेंदुआ
लोहाघाट (चंपावत)। नगर के पास ग्राम सभा सुईं पऊ और पाटन पाटनी क्षेत्र के लोगों में तेंदुए की दहशत बनी हुई है। तीन दिन से लगे पिंजरे के आसपास नहीं पहुंचा। ग्राम सभा सुईं पऊ के गलचौड़ा, छमनियां और ग्राम सभा पाटन पाटनी क्षेत्र में इन दिनों तेंदुए की दहशत बनी हुई है। लोग शाम होते ही घरों में दुबकने के लिए मजबूर हैं। वन विभाग ने ग्राम सभा पाटन पाटनी क्षेत्र में तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया है। बीते दिनों ग्राम सभा सुईं पऊ के गलचौड़ा, आईटीबीपी के पास स्टेडियम के पास तेंदुए ने दो बाइक सवारों पर हमला कर दिया था। क्षेत्र की सड़कों में शाम होते ही तेंदुआ दिखाई देने से लोगों में दहशत है। रेंजर दीप जोशी ने बताया कि तेंदुआ पिंजरे के आसपास नहीं आया है। रेंजर ने बताया कि वन कर्मी क्षेत्र में गश्त कर लोगों को घरों में रहने की अपील कर रहे हैं। संवाद
महिला सहित दो लोगों को सियारों ने काटा
गणाई गंगोली (पिथौरागढ़)। गणाई गंगोली के फालरो में महिला सहित दो लोगों को सियारों ने काटकर घायल कर दिया। सियारों के उग्र होने से ग्रामीणों में दहशत है। उन्होंने वन विभाग से सियारों से निजात दिलाने की मांग की है। बृहस्पतिवार को प्रेमा देवी (30) पत्नी गोपाल सिंह ग्राम फालरो और भगवान सिंह (42) पुत्र जमन सिंह को धपना गांव में घूम रहे सियारों ने काट लिया। परिजन दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गणाई गंगोली ले गए जहां उन्हें रेबीज का टीका लगाया गया। राजस्व निरीक्षक मदन मोहन जोशी ने बताया कि मामले की सूचना उच्चाधिकारियों और वन विभाग को दे दी है। संवाद