टनकपुर (चंपावत)। प्रशासन ने मतदान को लेकर जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। लोस चुनाव में शत प्रतिशत मतदान किए जाने के उद्देश्य से मंगलवार को स्वीप टीम ने इंजीनियरिंग कॉलेज में युवा मतदाताओं को जागरूक किया।
टीम ने युवा मतदाताओं को स्वयं वोट देने और अपने आसपड़ोस के साथ ही अपने साथियों को भी मतदान करने की प्रेरणा देने का आह्वान किया। बूथ संख्या 139 के अंतर्गत पड़ने वाले कॉलेज के अध्ययनरत 300 से अधिक युवा मतदाताओं को जागरूकता की शपथ दिलवाई गई। इस दौरान स्वीप अभियान समन्वयक त्रिलोचन जोशी, विनोद गहतोड़ी, कल्पना आर्य, अर्पित शर्मा, डायरेक्टर डाॅ. हरिद्वारी लाल मंडोरिया, रजिस्ट्रार डाॅ. अभिषेक पाठक, डाॅ. देव प्रकाश रस्तोगी, अभिजीत मौजूद रहे। संवाद
................
विकसित भारत संकल्प यात्रा वैन को दिखाई हरी झंडी
चंपावत। भाजपा कार्यालय से विकसित भारत संकल्प यात्रा मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह मोबाइल वैन विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों को सरकार की उपलब्धियों की जानकारी देने के साथ ही लोकसभा चुनाव को लेकर जागरूक करेगी।
मंगलवार को जिला उपाध्यक्ष मोहित पाठक और शंकर दत्त पांडेय ने हरी झंडी दिखाकर भाजपा कार्यालय से मोबाइल वैन को रवाना किया। इस मौके पर नगर अध्यक्ष सुनील पुनेठा, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, सतीश पांडेय, गोविंद सामंत, शंकर खाती, नंदन तड़ागी, विकास गिरी आदि मौजूद रहे। इधर, स्वीप टीम की ओर से दुबचौड़ा, बिरगुल, गोली आदि में मतदाता जागरूकता और मतदाता शिक्षा का संचालन किया गया। क्षेत्र के मतदाताओं को आगामी लोकसभा चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान करने की शपथ दिलाने के साथ ही मतदान के लिए अन्य को भी प्रेरित करने की अपील की गई। संवाद
...............
पाटी में पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों ने निकाला फ्लैग मार्च
पाटी (चंपावत)। पाटी मुख्यालय में लोकसभा सामान्य निर्वाचन को निष्पक्ष कराने को लेकर पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों ने फ्लैग मार्च निकाला। थानाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह कोरंगा के नेतृत्व में अर्द्ध सैनिक और पुलिस जवानों ने पाटी स्टेशन, माराकुली और मुख्य बाजार में फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान फ्लैग मार्च के माध्यम से जनपद में होने वाले चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के साथ ही क्षेत्र में कानून और शांति व्यवस्था को बनाए रखने, भय रहित मतदान करने, बिना प्रलोभन में आए मतदान करने के लिए प्रेरित किया। संवाद
...............
ग्रामीण क्षेत्रों में चलाया मतदाता जागरूकता अभियान
पिथौरागढ़। मुख्य विकास अधिकारी, नोडल स्वीप नंदन कुमार के निर्देशन पर जिले में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए गांव-गांव जाकर लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
मतदाता जागरूकता रथ के माध्यम से नगर के हवाई पट्टी क्षेत्र खाकर, नैनीसैनी, जाजरदेवल, पंडा, सिरड़, नैनीपातल, लछैर, मड़मानले क्षेत्र में जागरूकता अभियान चलाया गया। कनालीछीना के ख्वांकोट, मितालीगांव, कोटली, उरई बूथ में मतदाताओं को मतदान की शपथ दिलाई गई।
.......बाक्स.......
गंगोलीहाट में बच्चों ने किया नुक्कड़ नाटक
गंगोलीहाट। मतदाताओं को जागरूक करने के लिए नेहरू युवा केंद्र ने छात्र-छात्राओं के सहयोग से नगर में नुक्कड़ नाटक किए। इस दौरान लोगों को अधिकाधिक मतदान के लिए प्रेरित किया गया। तमन्ना कोठारी, शेखर चंद्र, मंजू सामंत, कुलश्रेष्ठ खाती की ओर से किए गए नाटक को खूब सराहना मिली। यहां एकेडमी के प्रबंधक पंकज मेहरा, ब्लॉक कोआर्डिनेटर त्रिभुवन बिष्ट समेत कई लोग मौजूद रहे। संवाद