लोहाघाट (चंपावत)। निर्माणाधीन काकड़ी-ककरतोला सड़क कटान से गांव की पेयजल योजना ध्वस्त होने पर ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग के खिलाफ गहरी नाराजगी जताई है। ग्रामीण गणेश दत्त, शंकर दत्त, घनश्याम भट्ट, महेश भट्ट का कहना है कि सड़क निर्माण के दौरान काकड़ी मंदिर में बैठने के लिए बनाई गई कुर्सियां टूटने के साथ मलबे से ग्रामीणों की फसल चौपट हो गई है।
सड़क कटान के चलते उनकी भूमि में कटाव हो रहा है, मकानों के लिए खतरा पैदा हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि पेयजल योजना ध्वस्त होने से गांव में पेयजल संकट के चलते लोगों ने जुगाड़ लगाकर पेयजल आपूर्ति की जा रही है। उनका कहना था कि इस बारे में विभागीय अधिकारियों का ध्यान कई बार आकर्षित करने के बाद भी अधिकारी कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। ग्रामीणों ने शीघ्र पेयजल योजना ठीक करने के साथ सड़क किनारे दीवार बनाने की मांग की है।
चंपावत। पिछले दिनों हुई बारिश से लड़ाबोरा ग्राम पंचायत में दुर्गा सिंह का मकान टूट गया। अलबत्ता हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। मकान टूटने से यह परिवार दूसरी जगह रहने को मजबूर हो रहा है। राजस्व उप निरीक्षक जगदीश गिरि ने मौका मुआयना कर नुकसान का जायजा लिया। ग्रामीणों ने उचित मुआवजे की मांग की है। वहीं, बीते 24 घंटे में चंपावत में 13.2 मिलीमीटर बारिश हुई। बारिश के चलते अब भी तीन ग्रामीण मोटर मार्ग भनोली-सिब्यौली, गल्लागांव-देवल माफी और खटोली-खटोली मल्ली बंद है।