टनकपुरबनबसा(चंपावत)। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने बनबसा स्थित गुदमी क्षेत्र में नेपाल सीमा पर लैंड पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया की ओर से करीब 500 करोड़ रुपये से निर्मित होने वाले आधुनिक लैंड परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि परियोजना भारत-नेपाल के बीच सहयोग, व्यापार और सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास में सहायक होगी। लैंड पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया इस महत्वाकांक्षी परियोजना को उत्तराखंड सरकार के सहयोग से तेज़ी से आगे बढ़ा रही है।
सीएम ने कहा कि परियोजना के आरंभ से ही पर्यावरणीय मंजूरी, प्रतिपूरक पौधरोपण और भूमि हस्तांतरण की सभी औपचारिकताएं पूर्ण होती रही हैं। इस वर्ष पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की ओर से लगभग 84 एकड़ वन भूमि को अंतिम स्वीकृति मिल चुकी थी। इसके बाद परियोजना के निर्माण कार्य को आगे बढ़ाया गया है।
आधुनिक लैंड पोर्ट भारत और नेपाल के बीच व्यापार और यात्री आवागमन के लिए एक समेकित, सुविधाजनक और सुरक्षित प्रणाली विकसित करेगा। यहां कस्टम, सुरक्षा, व्यापार एवं बॉर्डर से जुड़ी सभी प्रमुख एजेंसियां एक ही परिसर में कार्य करेंगी।
यह सीमांत क्षेत्रों के आर्थिक परिदृश्य को बदलने का माध्यम बनेगी। लैंड पोर्ट सीमा पार व्यापार को भी सशक्त बनाएगा, कृषि और औद्योगिक उत्पादों के लिए एक औपचारिक प्रवेश द्वार तैयार करेगा और स्थानीय युवाओं के लिए नए रोजगार अवसर उत्पन्न करेगा।
लैंड पोर्ट के माध्यम से किसानों और छोटे उत्पादकों को सीमा पार बाजारों तक सीधी पहुंच मिलेगी जिससे परिवहन लागत घटेगी। उत्पादों का मूल्य संवर्धन संभव होगा। यह पहल भारत और नेपाल के आपसी संबंधों को और मजबूत करेगी जिससे पर्यटन, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और पारस्परिक सहयोग को भी बढ़ावा मिलेगा।
इस मौके पर दायित्वधारी श्याम नारायण पांडे, जिपं अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, दीपक रजवार, भाजपा प्रदेश महामंत्री हेमा जोशी, पूर्व दर्जा मंत्री शिवराज सिंह कठायत, नगर पालिका अध्यक्ष टनकपुर विपिन कुमार, लोहाघाट गोविंद वर्मा, डीएम मनीष कुमार, एसपी अजय गणपति, सीडीओ डॉ जीएस खाती, एसडीएम टनकपुर आकाश जोशी, बीडीओ अशोक अधिकारी समेत खासी संख्या में लोग मौजूद रहे।