चंपावत। जिले में कारगिल विजय दिवस पर शहीद वीर जवानों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए। जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय के प्रांगण में डीएम विनीत तोमर ने दीप प्रज्ज्वलित कर वीर जवानों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। एडीएम त्रिलोक सिंह मर्तोलिया, सहायक जिला सैनिक कल्याण अधिकारी सूबेदार मेजर महेश चंद्र जोशी ने शहीदों के चित्रों पर पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। सशस्त्र पुलिस जवानों ने शहीद सैनिकों के सम्मान में सलामी देकर मातमी धुन बजाई। बताया कि कारगिल युद्ध में उत्तराखंड के 75 जवान शहीद हुए थे। कारगिल युद्ध के घायल नायक दान सिंह मेहता ने कारगिल युद्ध के अनुभव साझा किए। पूर्व सैनिकों और वीरांगनाओं को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में कर्नल जगजीत सिंह, कर्नल सुरेश सिंह अधिकारी, स्क्वाड्रन लीडर एमसी शर्मा, कैप्टन भैरव सिंह, हवलदार ललित सिंह अधिकारी, सूबेदार सुंदर सिंह, हवलदार नरेंद्र चंद्र, हवलदार संजय जोशी आदि रहे।
पूर्व सैनिकों और वीरांगनाओं को सम्मानित किया गया
लोहाघाट (चंपावत)। कारगिल विजय दिवस पर पूर्व सैनिकों ने अपने प्राणों को न्यौछावर कर देश की रक्षा करने वाले वीर शहीदों को नमन कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। सैनिक विश्रामगृह में पूर्व सैनिक लीग के अध्यक्ष कैप्टन राजेंद्र सिंह देव की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक पूरन सिंह फर्त्याल ने किया। इस दौरान विधायक ने पूर्व सैनिकों और वीरांगनाओं को सम्मानित किया। फर्त्याल ने विधायक निधि से सैनिक विश्राम गृह में लगाई टाइलों का लोकार्पण भी किया। कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों ने कारगिल युद्ध के समय अपने अनुभव साझा किए। इस मौके पर लीग के सचिव कैप्टन एचएस बिष्ट, उपाध्यक्ष कैप्टन रघुवीर सिंह बोहरा, कोषाध्यक्ष हयात सिंह रावत, कैप्टन अमर सिंह, चंद्रबल्लभ बिष्ट, गुणानंद, हेमंत राय आदि रहे। (संवाद)
कारगिल शहीद की मां सम्मानित
बनबसा (चंपावत)। यहां पचपकरिया निवासी कारगिल शहीद खीम सिंह कुंवर की माता लक्ष्मी देवी और कोतवाल धर्मवीर सोलंकी ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। आयोजकों ने शहीद की लक्ष्मी को सम्मानित किया। गौरव सेनानी कल्याण समिति उपाध्यक्ष कैप्टन हरीश कापड़ी ने कारगिल युद्ध का इतिहास बताया। उन्होंने कहा कि देश के शहीदों का स्मरण कर उन्हें श्रद्धांजलि देने से भावी पीढ़ी को अपने देश का इतिहास पता चलेगा। सेवानिवृत्त कर्नल बीडी जोशी की अध्यक्षता में सेवानिवृत्त हवलदार भूपाल दत्त भट्ट ने संचालन किया। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य पुष्कर कापड़ी, कैप्टन आरएस अधिकारी, सीएस गहतोड़ी, पीएन जोशी, पीएन भट्ट, बीबी पांडेय, डीडी कापड़ी, हेमा जोशी आदि थे। (संवाद)
कारगिल विजय दिवस पर किया पौधरोपण
टनकपुर (चंपावत)। राजकीय महाविद्यालय में प्रभारी प्राचार्य डॉ. एसके कटियार की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में डॉ. पंकज उप्रेती, डॉ. एमपी शर्मा, डॉ. डीवी सिंह, डॉ. सुल्तान सिंह यादव आदि ने शहीदों का योगदान बताया। ठाकुर एसएसआर जेएसआर राधेहरि राजकीय इंटर कॉलेज में एनसीसी की 78 यूके बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल ए थापा के निर्देश पर ऑनलाइन भाषण, पोस्टर, पेंटिंग प्रतियोगिता हुई। शहीदों की याद में सभी कैडेटों ने अपने घरों में पौधे लगाए। कैप्टन एलडी तिवारी और सेकंड ऑफिसर एसएस राणा की निगरानी में हुए इस कार्यक्रम में कैडेटों समेत विद्यालय के प्रधानाचार्य आरएस राजपूत और अन्य शिक्षक भी ऑनलाइन जुड़े रहे। (संवाद)