मंच/चंपावत। रमैला से बालेश्वर तक जल्द ही लोगों को सड़क सुविधा का लाभ मिलेगा। करीब ढाई किमी सड़क का निर्माण किया जाना है। इस सड़क के बनने से रमैला, गागरी, दनतोला के लोगों को लाभ मिलेगा।
ग्रामीण निर्माण विभाग और वन विभाग ने संयुक्त रूप से सड़क निर्माण को लेकर संयुक्त सर्वे कार्य किया। वन विभाग के वन दारोगा राजेंद्र कुमार पांडे ने बताया कि सर्वे के दौरान यहां कोई वन पेड़ नहीं हैं और न ही यह क्षेत्र वन पंचायत में आता है।
ग्रामीण निर्माण विभाग के एई प्रमोद कुमार वर्मा ने बताया कि सर्वे की रिपोर्ट जल्द तैयार कर भेजी जाएगी। इसके बाद सड़क निर्माण को लेकर जो भी प्रक्रिया हैं, उन्हें पूरा किया जाएगा। सड़क का सर्वे शुरू होने से ग्रामीणों में खुशी की लहर है। उनका कहना है कि सड़क नहीं होने से उन्हें आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इस दौरान राजस्व उप निरीक्षक अमित सिंह शिवपाल, नीरज सिंह, राजेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।