चंपावत। पाटी ब्लॉक में जल जीवन मिशन योजना के धरातल पर नहीं उतरने का आरोप लगाया गया है जबकि विभाग का कहना है कि ब्लॉक के साढ़े पांच हजार घरों में पेयजल संयोजन का काम पूरा करने वाला पाटी पहला ब्लॉक बना है। चार हजार घरों में पेयजल आपूर्ति भी सुचारु कर दी गई है। शेष 1500 घरों में पेयजल आपूर्ति का काम मार्च तक पूरा कर दिया जाएगा।
ब्लॉक के खेतीखान निवासी सामाजिक कार्यकर्ता महेश जोशी का आरोप है कि विभाग के दावे हवा हवाई हैं। ग्राम पंचायत गौसनी में योजना के तहत दो साल पूर्व पेयजल लाइन बिछाए गए लेकिन आज तक पानी नहीं आया है। कई किसानों के घरों को पेयजल संयोजन से नहीं जोड़ा गया है। धरातल पर योजना का सर्वे किया जाना चाहिए। जल संस्थान के अधिशासी अभियंता बिलाल यूनुस ने बताया कि गोसनी गांव में विभाग की ओर से निरीक्षण भी किया गया है। कोई दिक्कत है तो उसमें सुधार कर सभी को योजना का लाभ दिया जाएगा। संवाद