टनकपुर (चंपावत)। कोरोना वायरस के संक्रमण से निपटने के लिए रेलवे विभाग ने कोचों को आइसोलेशन वार्ड बनाने की कवायद शुरू कर दी है। यहां स्टेशन में खड़ी त्रिवेणी एक्सप्रेस की तीन रैकों में से 24 कोच को आइसोलेशन वार्ड बनाने के लिए बरेली और गोरखपुर वर्कशॉप भेज दिए गए हैं।
देश में लॉकडाउन घोषित होने के बाद रेलवे की ओर से त्रिवेणी एक्सप्रेस के तीनों रैकों को टनकपुर स्टेशन में लाकर खड़ा कर दिया था। अब एक्सप्रेस के इन रैकों से 6 एसी और 18 स्लीपर कोचों को आइसोलेशन वार्ड बनाने के लिए यहां से इज्जतनगर बरेली और गोरखपुर वर्कशॉप में मंगा लिया है। स्टेशन अधीक्षक डीएस दरियाल ने बताया कि बृहस्पतिवार को आठ स्लीपर कोच इज्जतनगर वर्कशॉप भेजे गए हैं। शुक्रवार को 6 एसी और 10 स्लीपर कोचों को गोरखपुर वर्कशॉप के लिए रवाना किया गया है। उन्होंने बताया कि इनको आइसोलेशन वार्ड बनाने के लिए मंगाया गया है। त्रिवेणी एक्सप्रेस के लिए अब नए कोच आएंगे।