टनकपुर (चंपावत)। एक सप्ताह पूर्व एनएचपीसी की पावर चैनल (नहर) में डूबी सैलानीगोठ की 12 वर्षीया बालिका गरिमा का शव बरामद हो गया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। सैलानीगोठ निवासी रमेश राम की बेटी गरिमा (12) विगत 28 मार्च को पानी पीते समय अचानक पैर फिसलने से एनएचपीसी की नहर में डूब गई थी। घटना के बाद पुलिस और परिजनों ने काफी खोज की, लेकिन वह नहीं मिली। कोतवाल धीरेंद्र कुमार ने बताया कि घटना सात दिन बाद गरिमा का शव एनएचपीसी नहर के फोरवे की जाली में अटका मिला। परिजनों द्वारा शिनाख्त किए जाने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।