प्रस्तावित बाइपास सड़क का संयुक्त निरीक्षण करते राजस्व, एनएच, लोनिवि और वन विभाग के अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) खंड द्वारा टनकपुर से पिथौरागढ़ तक बनाए जाने वाली 150 किलोमीटर लंबी बारहमासी (ऑल वेदर) सड़क निर्माण के तहत लोहाघाट में देवराड़ी बैंड से पाटन-पाटनी के समीप पेट्रोल पंप प्रस्तावित बाइपास मार्ग का अधिकारियों ने संयुक्त निरीक्षण किया।
वन, राजस्व विभाग, लोक निर्माण विभाग, एनएच खंड के अधिकारियों द्वारा देवराड़ी बैंड से पाटन-पाटनी के समीप स्थित पेट्रोल पंप तक करीब 10 किमी लंबे बाइपास के निर्माण के लिए चयनित जमीन का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क निर्माण में लगने वाली नाप भूमि, राज्य सरकार की भूमि और प्रभावित होने वाले पेड़ों के बारे में जानकारी ली। राजस्व निरीक्षक चंद्रप्रकाश ने बताया कि सड़क के निर्माण में डैसली, कलीगांव, राइकोट कुंवर, राइकोट महर, पाटन-पाटनी, फर्नहिल, खूनाबोरा, चौड़ी गांवों की नाप भूमि और पेड़ प्रभावित होंगे।
बताया कि एनएच द्वारा नक्शे में सीमांकन करने के बाद राजस्व विभाग द्वारा प्रभावित भूमि और पेड़ों का आकलन किया जाएगा। निरीक्षण में राजस्व निरीक्षक चंद्र प्रकाश, वन विभाग के मठपाल, राजेंद्रनाथ गोस्वामी, लोनिवि के अमीन रामीराम अमीन, एनएच खंड के सहायक अभियंता बीके सिंह आदि शामिल थे।