नेपाल के बाजार में पहुंचे भारतीय ग्राहक
- फोटो : अमर उजाला
टनकपुर (चंपावत)। ठंड शुरू होते ही बाजार में गर्म कपड़ों की बिक्री तेज हो गई है। स्थानीय बाजार के साथ ही पड़ोसी देश नेपाल के सीमांत बाजार ब्रह्मदेव, महेंद्रनगर में गर्म कपड़ों की बिक्री का ग्राफ बढ़ गया है। नेपाली दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठानों पर गर्म वस्त्रों के चट्टे लगा दिए हैं।
दीपावली के बाद धीरे-धीरे सर्द मौसम शुरू होते ही बाजार में गर्म कपड़ों का कारोबार परवान चढ़ने लगता है। देश ही नहीं नेपाल के बाजारों में भी गर्म कपड़ों की बिक्री खासी बढ़ गई है। सर्दियों में गर्म वस्त्रों की बेहद मांग के चलते दुकानदारों ने भी रेडीमेड गर्म वस्त्रों का कारोबार बढ़ा लिया है।
दुकानों के साथ ही नगर में फुटपाथों पर भी गर्म कपड़ों के स्टाल लगने से शीत ऋतु के आगाज का अहसास होने लगा है। नेपाल के सीमांत ब्रह्मदेव, महेंद्रनगर बाजार में बिकने वाले विदेशी रेडीमेड कपड़ों की मांग इस सीमांत क्षेत्र में अधिक है। सनील कपड़ा, जैकेट, ट्रैकसूट आदि की खरीदारी को भारतीय ग्राहक बड़ी संख्या में नेपाल का रुख करने लगे हैं।
शीत ऋतु में भारत ही नहीं नेपाल में भी गर्म कपड़ों का बिक्री का ग्राफ खासा बढ़ जाता है। ब्रह्मदेव बाजार के व्यापारी दीपक जोशी, दशरथ आदि ने बताया कि इस सीजन में वे गर्म कपड़ों की बड़ी मात्रा में बिक्री करते हैं। ब्रह्मदेव, महेंद्रनगर बाजार में प्रतिदिन करीब तीन से चार लाख रुपए का कारोबार हो रहा है। उन्होंने बताया कि सबसे ज्यादा बिक्री जैकेट एवं सनील के कपड़े की हो रही है।