श्रीराम सेवा सांस्कृतिक रामलीला कमेटी की ओर से आयोजित दो दिवसीय होली रंग महोत्सव पुरस्कार वितरण के साथ संपन्न हुआ। रविवार को रामलीला कमेटी, सुंई पऊ, पाटन पाटनी और कलीगांव के होल्यारों ने एक से बढ़कर एक होलियां प्रस्तुत कर समा बांधा। होल्यारों ने अपने यहां की होली को विशेष सुर-लय-ताल में प्रस्तुत कर दर्शकों की वाहवाही लूटी। महोत्सव को पूर्ण रूप से नशा से मुक्त रखने के चलते बड़ी संख्या में महिलाएं भी होली देखने पहुंची थीं। कमेटी अध्यक्ष जीवन मेहता ने सभी होली टीमों का स्वागत किया।
शिक्षक नरेश राय के संचालन में दूसरे दिन की होली का शुभारंभ रामलीला कमेटी के महिला-पुरुष होल्यारों ने आज वृंदावन आये हरि, नाचत रास रचाये हरि, कोई हरि से हंस के कहावे, कोई गले लपटा हरि और भलो भलो जनम लियो श्याम राधिका भलो जनम लियो मथुरा में होली की शानदार प्रस्तुति दी। सुंई पऊ से जीवन चतुर्वेदी, योगेश ओली, राजेंद्र ओली, हिमांशु ओली के नेतृत्व में आए होल्यारों ने रस को रस की खान सखि, गोरस ना बेचन पाओगी, तुम दधु बेचन जाय सखि, गोरस ना बेचन पाओगी, झनकारो झनकारो झनकारो, गोरी प्यारो लगे तेरा झनकारो, मैं मथुरा को मतवारो और काहे के अंगनी ला ला रे रंगीलो ढप बाजे गीत प्रस्तुत किया।
पाटन-पाटनी से जगदीश पाटनी, मनोहर करायत, सुरेंद्र सिंह, रमेश पाटनी के नेतृत्व में आए होल्यारों ने भंजन धरणी भार हरि, जगतारण को अवतार लिये और तल धरती पुर बादल बादल उपजी बयार होली प्रस्तुत की।
कलीगांव से मदन राम, कैलाश मेहता, दिवान पुजारी, प्रकाश मेहता, बसंत मेहता के नेतृत्व में आए होल्यारों ने दध लूटो नंद के लाल प्यारे मोहनियां और हरजी बाज बैन बांसुरी, खेलत जादु राय होली प्रस्तुत कर समा बांध दिया। विधायक पूरन सिंह फर्त्याल, जिला पंचायत सदस्य सुषमा फर्त्याल, चेयरमैन गोविंद वर्मा ने आयोजन समिति की ओर से होली टीमों को बर्तनों का सैट पुरस्कार स्वरूप भेंट किया।
चेयरमैन ने बर्तनों का सैट दिया
महोत्सव में नगर पंचायत और उद्योग व्यापार मंडल ने विशेष सहयोग दिया। अध्यक्ष गोविंद वर्मा ने नगर पंचायत की ओर से महोत्सव में भाग लेने वाली प्रत्येक टीम को बर्तनों का सैट पुरस्कार स्वरूप दिया। वहीं उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष भैरव राय और कोषाध्यक्ष सतीश मुरारी ने महोत्सव में होल्यारों के लिए चाय और आलू की व्यवस्था की थी।
विशिष्ट पहचान छोड़ गया रंग महोत्सव
दो दिनी रंग महोत्सव खास छाप छोड़ गया। रामलीला कमेटी के युवा सदस्यों की ओर से महोत्सव को पूर्ण रूप से नशे से मुक्त रखने के प्रयास को सभी ने सराहा। महोत्सव में सभी टीमों ने पूर्ण अनुशासन में रहते हुए जिस अंदाज में होली का गायन किया उससे सभी दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए।