देवीधुरा डिग्री कॉलेज परिसर में धरना देते छात्र-छात्राएं। संवाद
देवीधुरा (चंपावत)। राजकीय आदर्श महाविद्यालय देवीधुरा के छात्रों का पांच सूत्रीय मांगों को लेकर धरना पांचवें दिन भी जारी रहा। सोमवार को धरना दे रहे दो छात्र अमित कुमार और पंकज चम्याल की सेहत में गिरावट आई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने परीक्षण कर बताया कि दोनों छात्रों में कमजोरी बढ़ी है। छात्रसंघ अध्यक्ष देवेंद्र भट्ट और महासंघ के सचिव अल्मोड़ा अर्जुन बिष्ट ने कहा कि छात्रों के मुद्दों का समाधान नहीं होने पर अगले चरण में भूख हड़ताल की जाएगी।
पाटी थानाध्यक्ष देवनाथ गोस्वामी और राजस्व उप निरीक्षक जगदीश कोहली ने छात्रों को समझाने का प्रयास किया लेकिन वार्ता बेनतीजा रही। छात्र पीजी की कक्षाओं के संचालन, स्नातक स्तर में नए विषय खोलने, अर्थशास्त्र विभाग में सहायक प्रोफेसर की नियुक्ति, पुस्तकालय में पुस्तकों की व्यवस्था और महाविद्यालय को जोड़ने वाली सड़क को बेहतर करने की मांग कर रहे हैं। विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ता सुदीप चम्याल, दीपेश भट्ट, सरिता रावत आदि ने धरना दिया।