जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी विभाग कोविड आयुष हेल्प डेस्क के जरिए कोरोना संक्रमित लोगों की समस्याओं का समाधान कर उनमें कोरोना से लड़ने का जोश भर रहा है। आयुष विभाग के चिकित्सकों की ओर से संक्रमित लोगों को फोन कर उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश देने के साथ उन्हें आयुष रक्षा किट बांटी जा रही है।
जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. उमेश चंद्र पाठक ने बताया कि विभाग की ओर से 30 अप्रैल से कोविड आयुष हेल्प डेस्क के जरिए कोरोना पॉजिटिव लोगों को रोग से बचाव के लिए परामर्श दिया जा रहा है। डॉ. पाठक ने बताया कि करीब 2224 से अधिक रोगियों को परामर्श दिया जा चुका है और 344 से अधिक पोस्ट कोविड व्यक्तियों को भी फोन कर संपर्क स्थापित किया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि आयुर्वेद विभाग के विभिन्न आरोग्य केंद्रों में 400 से अधिक कोरोना पॉजिटिव रोगियों को आयुष रक्षा किट भी बांटी जा चुकी है। चंपावत जिले के रेेगड़ू, खीड़ी, बेलखेत, दियूरी, फूंगर, बकोड़ा, सौराई आदि स्थान जहां अधिक संख्या में कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति मिले हैं, में भी आयुष रक्षा किट उपलब्ध कराई जा रही है। इसी के साथ विभाग की ओर से टीकाकरण, सैंपलिंग, एमआरपी पोस्ट आदि के कार्य भी किए जा रहे हैं जिसमें नोडल अधिकारी डॉ. अजय रस्तोगी, डॉ. गिरेंद्र चौहान, डॉ. सुधाकर गंगवार, डॉ. सुभाष राणा, डॉ. नमिता, डॉ. गीता, अंकित, डॉ. ज्ञानेंद्र, नेहा, मेघा, प्रियंका सहित समस्त आयुष स्टॉफ जुटा हुआ है ।