शेर-ए-काली कुमाऊं हर्षदेव ओली के पैतृक गांव गोशनी को मुख्यमंत्री आदर्श गांव में शामिल किया गया है। शनिवार को अधिकारियों और जन प्रतिनिधियों की मौजूदगी में गांव के समग्र विकास पर विस्तृत चर्चा की गई।
परियोजना निदेशक हरगोविंद भट्ट ने कहा कि गांव के लोगों की राय के अनुसार गांव के विकास का ऐसा खाका तैयार किया जाएगा, जिससे उनकी बुनियादी जरूरतें पूरी होने के साथ लोगों को रोजगार के भी अवसर मिलेंगे। ग्राम विकास योजना का प्लान 23 फरवरी तक पूरा कर लिया जाएगा। लोहाघाट के एसडीएम सीएस डोबाल की अध्यक्षता और पाटी की एसडीएम निर्मला बिष्ट की मौजूदगी में गांव की विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा की गई। एसडीएम ने कहा कि सभी पात्रों को सरकार की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा।
ग्राम प्रधान भैरव ओली, शिक्षाविद सीएल वर्मा, सुरेंद्र देउपा ने आवारा पशुओं और जंगली जानवरों से खेती को हो रहे नुकसान, स्वजल से पूरे गांव के लोगों को शौचालय की सुविधा देने, सरकारी खाद्यान्न पाने से वंचित लोगों के राशन कार्ड ऑनलाइन करने, गांव की विद्युत व्यवस्था को सुचारु करने की मांग की। बीडीओ सीएस मेवाड़ी, एडीओ अवधेश मिश्रा, स्वजल के एमके गर्ग, समाज कल्याण के पीसी जोशी, हरीश जोशी, सीएओ आरएल चंद्रवाल, एसडीओ एचएस सौन ने विभागीय कार्यक्रमों की जानकारी दी।
पाटी ब्लॉक की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत है गोशनी
जिले के पर्वतीय भूभाग में लोहाघाट की पाटन-पाटनी के बाद पाटी ब्लॉक की यह सबसे बड़ी गाम पंचायत है, जिसमें गोशनी में 1742, परध्यानी में 116 की जनसंख्या है। गोशनी में 397, परध्यानी में 22 परिवार रहते हैं। 137 के पास शौचालय नहीं हैं। 57 परिवारों को राशनकार्ड ऑनलाइन न होने से खाद्यान्न नहीं मिल रहा है। 54 परिवारों की आय पांच लाख रुपये से अधिक है। गांव में वर्तमान में 120 लीटर दूध का उपार्जन होता है। गांव में एससी के 22, बीपीएल के 124 तथा अंत्योदय के छह परिवार हैं।