पांच सूत्रीय मांगों को लेकर ग्राम पंचायत विकास अधिकारी एसोसिएशन का कार्य बहिष्कार जारी है। सोमवार को ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों ने पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) कार्यालय में तालाबंदी कर विरोध जताया। इस मौके पर धरना स्थल में हुई सभा में वक्ताओं ने ग्राम पंचायत अधिकारी कमला परिहार को आत्महत्या के लिए उकसाने वाले खंड विकास अधिकारी द्वाराहाट पर अब तक कोई कार्रवाई न होने पर आक्रोश जताते हुए आंदोलन को और अधिक उग्र स्वरूप देने की बात कही।
एसोसिएशन जिलाध्यक्ष उमेद राम जौला की अध्यक्षता और महासचिव एमएम पांडेय के संचालन में हुई सभा में ग्राम पंचायत अधिकारियों ने एक पंक्ति प्रशासन के अंतर्गत खंड विकास अधिकारी के नियंत्रण से मुक्त करते हुए सीधे जिला पंचायतराज अधिकारी के नियंत्रण में किए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
बताया गया कि पांच सूत्रीय मांगों को लेकर चल रहे आंदोलन के तीसरे चरण में 16 अप्रैल तक डीपीआरओ कार्यालय में तालाबंदी कर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। तालाबंदी करने और धरने पर कौशल पांडेय, बद्री दत्त, ललित मोहन तिवारी, शार्दूल तड़ागी, रीता बिष्ट, जेसी ओली, प्रेम प्रकाश, प्रेम चंद, सुमन वर्मा, प्रीति तिवारी, राकेश गोस्वामी, बिंदु सिंह फर्त्याल, भुवन पांडेय, ललित मोहन पांडेय, विवेक वर्मा, अनिरुद्ध पुनेठा, रविंद्र गोस्वामी, दिनेश चंद्र, शिवांशु वर्मा, अशोक कुमार, दीपक चंद्र आदि शामिल रहे।