बनबसा (चंपावत)। क्षेत्र के किसानों ने लावारिस और जंगली जानवरों से निजात दिलाने की मांग की। किसानों ने कहा कि लावारिस जानवर खेतों में खड़ी फसल को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
आंबेडकर ग्राम फागपुर, चंदनी, भजनपुर, बमनपुरी, पचपकरिया, देशीफार्म, चंदफार्म, चूनाभट्टा, गढ़ीगोठ आदि गांवों में लावारिस पशु किसान की मेहनत चट कर रहे हैं। इसके अलावा मझगांव, गढ़ीगोठ, बमनपुरी, चंदनी आदि गांवों में जंगली जानवरों का आने का सिलसिला जारी है। बमनपुरी स्थित स्ट्रांग फार्म के सचिव युजिन जार्ज ने बताया कि गांव के पश्चिमी छोर के जंगलों से जंगली सुअर, नील गाय फसल को नुकसान पहुंचा रहे हैं। प्रधान भावना नेगी, हर्ष बहादुर चंद, विनीता राणा, अनिल कुमार, महेश मुरारी, जिला पंचायत सदस्य पुष्कर कापड़ी आदि ने प्रशासन से लावारिस पशुओं को पकड़कर खोड़ (कांजी हाउस) में डालने और गांवों की सीमा पर सोलर फेंसिंग लगाने की मांग की है। संवाद