मां पूर्णागिरि धाम में देवी मां के दर्शन को लगी श्रद्घालुओं की भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
पूर्णागिरि मेले में श्रद्धालुओं की आवाजाही का क्रम लगातार बना हुआ है। मंगलवार को यूपी के विभिन्न क्षेत्रों में लोकसभा चुनाव के लिए मतदान होने से श्रद्धालुओं की आमद कम हुई। वहीं पड़ोसी देश नेपाल के श्रद्धालुओं की आमद से मेले में रौनक बनी रही। करीब पांच हजार से अधिक भक्तों ने देवी मां के दर्शन कर पुण्य अर्जित किया।
राज्य के प्रमुख बड़े धार्मिक मेलों में शामिल मां पूर्णागिरि धाम के मेले की शुरूआत से ही हर दिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु मां पूर्णागिरि का आशीर्वाद लेने पहुंच रहे हैं। रविवार सुबह तक बड़ी संख्या में आवाजाही बनी हुई थी। सोमवार को लखनऊ, सीतापुर, राय बरेेली, अमेठी, मोहनलाल गंज, गौंडा, बांदा, फतेहपुर, बहराइच, बाराबंकी समेत यूपी के 14 लोकसभा क्षेत्र में मतदान होने से मेले की रौनक पर असर पड़ा है।
बुधवार से फिर भीड़ उमड़ने की उम्मीद है। बता दें कि मां के दरबार में सबसे अधिक उत्तर प्रदेश के श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है।
मंदिर समिति के अध्यक्ष पं. भुवन चंद्र पांडेय ने बताया कि यूपी में मतदान से मेले की रौनक पर असर पड़ा है लेकिन मंगलवार को नेपाल से काफी श्रद्धालु देवी मां के दर्शन को पहुंचे। उन्होंने बताया कि गर्मी के कारण सुबह-शाम के ठंडे मौसम में श्रद्धालुओं की आवाजाही अधिक हो रही है।