औचक निरीक्षण के दौरान लोहाघाट सीएचसी की व्यवस्थाओं की चिकित्साधीक्षक से जानकारी लेते सीएमओ डा.आरपी खंडूरी।
- फोटो : अमर उजाला
बिना किसी सूचना के गायब मिलने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पांच कर्मियों पर गाज गिरी है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.आरपी खंडूरी ने औचक निरीक्षण में गायब मिले पांचों कर्मियों का एक दिन का वेतन रोकने के आदेश दिए हैं। मंगलवार को सीएमओ ने सुबह नौ बजे अस्पताल पहुंच कर्मचारियों की उपस्थिति पंजिका का निरीक्षण किया। तो बिना किसी सूचना के पांच कर्मी अस्पताल से गायब मिले।
सीएमओ ने चिकित्साधीक्षक डॉ.मंजीत सिंह को गैर जाहिर मिलने सभी पांचों कर्मचारियों का एक दिन का वेतन रोकने के आदेश दिए। सीएमओ ने मरीजों को अस्पताल से ही दवाएं देने, दवा न होने पर जन औषधि केंद्र से दवा लिखने के निर्देश दिए। सीएमओ ने कहा कि बाजार से दवाएं लिखने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सीएमओ ने सामान्य तौर पर अस्पताल में चार डॉक्टर और इमरजेंसी में दो डॉक्टर तैनात करने के निर्देश दिए। अस्पताल परिसर, शौचालय और वार्डो में स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने को कहा। सीएमओ खंडूरी ने बताया कि लोहाघाट सीएचसी में दो और डाक्टरों (डॉ.जितेंद्र जोशी और डॉ.मनीष बिष्ट) को तैनात कर दिया गया है।