लोहाघाट (चंपावत)। खेतीखान क्षेत्र में एक गोशाला में आग लगने से दो मवेशियों की मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने जैसे-तैसे आग बुझाई। ग्रामीणों ने पीड़ित दिव्यांग काश्तकार के परिवार को मुआवजा देने की मांग उठाई है।
खेतीखान के डिंगवाल गांव में दिव्यांग सुरेंद्र सिंह माहरा की गोशाला में मंगलवार देर शाम अचानक आग लग गई। आग लगने से दुधारू गाय सहित दो गोवंशीय पशुओं की दम घुटने से मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात करीब आठ बजे सुरेंद्र सिंह की गोशाला से तेज धुंआ आने से परिजन गोशाला के अंदर गए तो वहां रखी घास में जबरदस्त आग लगी हुई थी।
स्थानीय लोगों ने जैसे-तैसे आग बुझाई लेकिन तब तक गोशाला में बंधी एक दुधारू गाय और एक गाभिन गाय की दम घुटने से मौत हो चुकी थी। लोगों ने बताया कि दिव्यांग सुरेंद्र सिंह दुग्ध उत्पादन से आजीविका चलाते थे। लोगों ने प्रशासन से पीड़ित को आर्थिक सहायता देने की मांग उठाई है। आग बुझाने वालों में सतीश जोशी, प्रेम प्रकाश, राजेंद्र सिंह, मोहन सिंह, लक्ष्मण सिंह, सूरज सिंह, जगदीश भट्ट, चतुर सिंह, मनोज सिंह, दीपक सिंह, प्रमोद आदि शामिल रहे।