चंपावत के धौन में आग से जली गोशला। संवाद
चंपावत। धौन चौकी गांव में गोशाला में आग लगने से तीन मवेशियों की जलकर मौत हो गई। पीड़ित ने जिला प्रशासन से मुआवजा देने की मांग की है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। अग्निकांड में गोशाला के साथ ही मकान का एक कमरा भी जलकर नष्ट हो गया है।
सोमवार देर रात चौकी निवासी विपिन चंद्र शर्मा पुत्र तारा दत्त शर्मा की गोशाला में अज्ञात कारणों के चलते आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। जब तक ग्रामीण आग को पूरी तरह बुझा पाते, तीन मवेशियों (दो दुधारू गाय और बछड़े) की जलने की वजह से मौत हो गई। आग पीड़ित को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
अंदेशा जताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी होगी। जिपं सदस्य सरिता बोहरा और भाजपा नेता मनमोहन सिंह बोहरा ने जिला प्रशासन से पीड़ित को मुआवजा देने की मांग की है। मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय कार्यालय के नोडल अधिकारी केदार सिंह बृजवाल ने अधिकारियों से वार्ता कर पीड़ित को मुआवजा देने के निर्देश दिए हैं। संवाद