दो माह पहले दिसंबर में हुई एसएसबी के स्वयंसेवक सूखीढांग निवासी पुष्कर दत्त गहतोड़ी की हत्या का खुलासा न होने से उसके परिजनों में गुस्सा है। उन्होंने वारदात का खुलासा कर हत्यारे को जल्द गिरफ्तार करने और परिवार को आर्थिक सहायता एवं आश्रित को रोजगार देने की मांग उठाई है। इस बाबत मृतक की पत्नी ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को पत्र भेजा है।
पुष्कर गहतोड़ी (60) का शव 16 दिसंबर को सैलानीगोठ गांव के पास रेलव लाइन के किनारे संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला था। उसके दोनों हाथ उसी के कुर्ते से बंधे होने के कारण उसकी हत्या कर शव लाइन किनारे फेंके जाने की आशंका है। मृतक के पुत्र ने पिता की हत्या का अंदेशा जताते हुए हत्यारों का पता लगाकर कार्रवाई की मांग की, लेकिन पुलिस दो माह बाद भी इस वारदात का खुलासा नहीं कर पाई है।
इधर, मृतक की पत्नी कलावती देवी ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर हत्या का खुलासा करने के साथ ही आर्थिक मदद और बेटे को नौकरी देने की गुहार लगाई है। पत्र में कहा गया है कि पुष्कर गहतोड़ी एसएसबी का प्रशिक्षित स्वयंसेवक था और लंबे समय से रोजगार के लिए भटक रहा था। उसका इकलौता बेटा बेरोजगार है और उसके पति की हत्या के बाद परिवार के समक्ष आर्थिक संकट पैदा हो गया है।