बाराकोट ब्लॉक के पूर्व सैनिकों और वीरांगनाओं को हर छोटे-बड़े काम के लिए करीब 33 किलोमीटर दूर चंपावत की दौड़ लगानी पड़ रही है। इस पीड़ा को बुधवार को बाराकोट में हुई सम्मेलन में पूर्व सैनिकों ने उठाया। कहा कि पूर्व सैनिक कल्याण विभाग ने बाराकोट की ओर मुंह फेरा है। किसी भी अधिकारी ने बीते तीन वर्षों से यहां का दौरा नहीं किया। अधिकारियों के नहीं आने से पूर्व सैनिकों को पंजीकरण के लिए परेशानी होती है।
पूर्व सैनिकों ने सैनिक कल्याण केंद्र के लिए उपलब्ध कराई गई भूमि में चार साल बीतने के बाद भी निर्माण कार्य नहीं होने पर रोष जताया। पूर्व सैनिक मोहन सिंह अधिकारी की अध्यक्षता में हुए सम्मेलन में तय किया गया कि ब्लाक की मासिक बैठक हर माह की नौ तारीख को होगी। इस दौरान कर्नल सुरेश अधिकारी, स्क्वाड्रन लडर एमसी शर्मा, डीएस चौधरी और प्रहलाद अधिकारी थे।
मोहन सिंह बने बाराकोट ब्लॉक अध्यक्ष
सम्मेलन में बाराकोट ब्लॉक कार्यकारिणी का गठन भी किया गया। सर्वसम्मति से मोहन सिंह अधिकारी को ब्लॉक अध्यक्ष, भूपाल सिंह को उपाध्यक्ष, प्रेम सिंह अधिकारी को बाराकोट न्याय पंचायत सदस्य, दीवान सिंह को रैघांव न्याय पंचायत सदस्य, लक्ष्मण सिंह को मल्ला बापरू न्याय पंचायत सदस्य और चंद्र सिंह को वल्सों न्याय पंचायत का सदस्य चुना गया।