चंपावत। टनकपुर- चंपावत एनएच पर 20 सितंबर को भारी वाहनों के लिए पूरे दिन आवाजाही ठप रहेगी। हल्के वाहनों की आवाजाही सुबह छह से दोपहर 12 बजे तक पूर्ण रूप से बंद रहेगी।
डीएम नवनीत पांडे ने बताया बृहस्पतिवार को स्वाला में सुबह से ही एनएच बंद सड़क से मलबा हटाने में लगा रहा। दोपहर बाद छोटे वाहनों के लिए आवागमन सुचारु किया गया। बृहस्पतिवार को पहाड़ी की तरफ छह मीटर चौड़ाई में सात मशीनों के माध्यम से मलबा हटाया गया।
डीएम ने बताया कि एनएच के तहत अति संवेदनशील स्वाला किमी 106 पर लगातार पहाड़ी से मलबा और बोल्डर आने से यातायात अवरुद्ध हो रहा है। यहां लगातार मलबा हटाने का कार्य किया जा रहा है। शुक्रवार को भी सुबह से मलबा हटाने का कार्य किया जाएगा। आम लोगों की सुरक्षा के मद्देनजर भारी वाहनों के लिए पूरे दिन और हल्के वाहनों के लिए दोपहर 12 बजे तक चंपावत से टनकपुर के मध्य आवागमन पूर्णतया बंद रहेगा। सड़क मार्ग न खुलने की दशा में 12 बजे से पूर्व ही अवगत करा दिया जाएगा। भारी वाहनों के लिए स्थिति अनुकूल होने पर अवगत कराया जाएगा। उन्होंने आम जनता से सहयोग की अपील की है। डीएम ने एनएच, पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों को इसे लेकर जरूरी निर्देश दिए हैं।