जिला अस्पताल में मरीज की जांच के बाद परामर्श देते ईएनटी विशेषज्ञ। संवाद
चंपावत। जिला अस्पताल में इन दिनों कान, नाक और गले (ईएनटी) संबंधी मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। प्रतिदिन औसतन 50 से अधिक मरीज इलाज के लिए ईएनटी विभाग पहुंच रहे हैं। मौसम में बदलाव के चलते लोगों में एलर्जी और संक्रमण की समस्या तेजी से बढ़ रही है।
ओपीडी में बच्चों और बुजुर्गों की संख्या अधिक देखने को मिल रही है। ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. नरेंद्र सिंह ने बताया कि बदलते मौसम के कारण एलर्जी और ऊपरी श्वसन तंत्र से जुड़े संक्रमण बढ़ रहे हैं। पहले की तुलना में अब अधिक लोग इन समस्याओं से ग्रस्त होकर अस्पताल पहुंच रहे हैं। उन्होंने बताया कि अधिकांश मरीज नाक में जलन और खुजली, कान में दर्द तथा गले में लगातार खराश की शिकायत लेकर आ रहे हैं। उन्होंने लोगों को लक्षणों को नजरअंदाज न करने और शुरुआती अवस्था में ही चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की।
बचाव
ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. नरेंद्र सिंह ने लोगों को धूल, धुएं और प्रदूषण से बचने की सलाह दी है। बाहर निकलते समय मास्क पहनने, ठंडी चीजों के सेवन से परहेज करने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने को कहा गया है। साथ ही संक्रमण से बचाव के लिए नियमित रूप से हाथ साफ रखने की भी सलाह दी गई है।