टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग में एमईएस के पास अंधड़ से गिरा भारी-भरकम पेड़
- फोटो : अमर उजाला
रविवार शाम करीब 5.50 बजे आए तेज अंधड़ से चंपावत व लोहाघाट में आठ पेड़ धराशायी हो गए। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर अलग अलग स्थानों पर तीन पेड़ गिरने से करीब 15 मिनट तक आवाजाही प्रभावित रही। अंधड़ से चंपावत-लोहाघाट सहित जिले के पर्वतीय क्षेत्र में बिजली की आपूर्ति ठप हो गई। अंधड़ के बाद तकरीबन 10 मिनट ओलावृष्टि और मूसलाधार बारिश हुई। अचानक तेज बारिश होने से कई लोग रास्तों में फंस गए।
चंपावत में राष्ट्रीय राजमार्ग पर छतार, फुलारगांव व एमईएस कैंप के पास भारी-भरकम पेड़ गिर गए। इसके चलते कुछ देर तक आवाजाही बाधित रही। बाद में इन्हें मार्ग से हटाकर यातायात सुचारु कराया। लोहाघाट के हथरंगिया मोहल्ले में देवदार के पांच पेड़ धराशायी हुए। चार पेड़ मनीष जुकरिया के भवन के पास और एक पेड़ मजार से कुछ दूरी पर स्थित एक मकान के आगे गिरा। पेड़ गिरने की आवाज से आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। इधर हथरंगिया में मजार के पास रहने वाले हरीश कलौनी, चंद्रशेखर राय और बीना कलौनी का कहना है कि उनके घर के पास भी देवदार का एक पेड़ खतरा बना हुआ है। शिकायत के बाद भी अभी तक इसका निस्तारण नहीं किया गया है।